CG News : वन नाइट क्लब में दो गुटों के बीच जमकर बवाल
CG News : कोरबा शहर के चर्चित वन नाइट क्लब एक बार फिर विवादों में घिर गया है। बीती रात क्लब के बाहर दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। शराब के नशे में धुत युवक-युवतियों के बीच हुए इस हंगामे में थार वाहन में तोड़फोड़ की गई, वहीं एक युवती का हाई वोल्टेज ड्रामा भी देखने को मिला, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सीएसईबी चौकी अंतर्गत टीपी नगर इलाके का है। जानकारी के मुताबिक, क्लब के अंदर किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे बढ़ता गया और क्लब के बाहर सड़क पर आकर खुलेआम मारपीट में तब्दील हो गया।
शराब के नशे में युवती ने किया हंगामा
हंगामे के दौरान वायरल वीडियो में एक युवती स्कूटी पर बैठे युवक को अपना पति बता रही है और पुलिस से जोरदार बहस करती नजर आ रही है। वीडियो में युवती नशे में बेकाबू दिखाई दे रही है, और उसका व्यवहार सड़क पर ट्रैफिक और पुलिस दोनों के लिए मुश्किल बन गया।
नाइट क्लब बना विवादों का केंद्र
स्थानीय निवासियों का कहना है कि वन नाइट क्लब लगातार हंगामों का अड्डा बन चुका है। शराब के नशे में धुत युवक-युवतियां आए दिन मारपीट और उपद्रव करते हैं। इससे पहले भी क्लब से जुड़ी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं और शिकायतें सीएसईबी चौकी में दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।
पुलिस की कार्रवाई अधूरी, जांच जारी
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि, दोनों ही गुट एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाते हुए पुलिस से भी बहस करते नजर आए। पुलिस ने बताया कि संबंधित पक्षों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की जा रही है, लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
जरूरत सख्त निगरानी की
बार-बार सामने आ रहे विवादों को देखते हुए स्थानीय नागरिकों ने वन नाइट क्लब पर निगरानी बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाया गया, तो यह स्थान कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बनता जाएगा।