CG News: कांकेर के अंतागढ़ में 56 सरपंचों का सामूहिक इस्तीफा, विकास कार्य ठप होने पर शुरू किया अनिश्चितकालीन धरना
CG News: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के अंतागढ़ ब्लॉक में पंचायतों में फंड की कमी और विकास कार्य ठप होने से नाराज 56 ग्राम पंचायतों के सरपंच सड़कों पर उतर आए हैं। सरपंच संघ ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सामूहिक इस्तीफा दे दिया है और अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।
विकास कार्यों का अनुमोदन
सरपंचों का आरोप है कि पिछले एक साल से पंचायतों में कोई नया विकास कार्य स्वीकृत नहीं किया गया। इसके चलते गांवों में सड़क, पानी, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े काम पूरी तरह बंद पड़े हैं। पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि कई बार प्रशासन को मांग पत्र सौंपे गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
जवाब देना मुश्किल
सरपंचों ने कहा कि विकास कार्य नहीं होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी बढ़ रही है। जनप्रतिनिधियों को लोगों के सवालों का जवाब देना मुश्किल हो गया है। पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि जब तक सरकार और प्रशासन फंड जारी नहीं करते और लंबित योजनाओं को मंजूरी नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
गोल्डन चौक पर जारी है धरना
सभी सरपंच 18 मई से अंतागढ़ के गोल्डन चौक पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हुए हैं। धरने में शामिल पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्रामीण विकास कार्यों की मंजूरी और फंड जारी करने की मांग उठाई है। आंदोलन के चलते प्रशासनिक हलकों में भी हड़कंप मच गया है।
प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप
धरने पर बैठे सरपंचों का कहना है कि प्रशासन पंचायतों की समस्याओं को लगातार नजरअंदाज कर रहा है। उनका आरोप है कि विकास परियोजनाओं को मंजूरी नहीं मिलने से गांवों का विकास रुक गया है और वे ग्रामीणों से किए गए वादे पूरे नहीं कर पा रहे हैं। सामूहिक इस्तीफे के बाद अब प्रशासन पर समाधान निकालने का दबाव बढ़ गया है।