CG News : कोरबा में भू-माफिया बेखौफ: निगम की जमीन पर जबरन कब्जा, विरोध करने पर युवक को पीटा
CG News : प्रदेश की ऊर्जाधानी कोरबा में भू-माफिया इस कदर बेलगाम हो चुके हैं कि अब उन्हें कानून का कोई खौफ नहीं रह गया है। शनिवार को एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां आरोपियों ने जेसीबी मशीन लेकर निगम की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की और विरोध करने पर एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी।
जानिए पूरा मामला
घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत सरस्वती शिशु मंदिर के पीछे स्थित निगम की खाली पड़ी जमीन की है। बताया जा रहा है कि मनोज चौहान, बिट्टू चौहान और पिंटू चौहान जेसीबी लेकर जबरन कब्जा करने पहुंचे थे। मौके पर पहले से रह रहे कब्जाधारी युवक ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया।
CCTV में कैद हुई वारदात
पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपियों की गुंडागर्दी साफ नजर आ रही है।इस मामले में सीएसपी भूषण एक्का ने जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित विनोद साहू और उनके बेटे ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर मनोज चौहान, बिट्टू चौहान और पिंटू चौहान के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और वीडियो फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।