CG News: प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि में बढ़ोत्तरी, हजारों नए आवासों को मंजूरी
CG News: प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 में सरकार ने अब पात्र हितग्राहियों को मकान निर्माण के लिए मिलने वाली अनुदान राशि में बढ़ोत्तरी कर दी है, इसके साथ ही राज्य सरकार ने 50 हजार नए आवासों के निर्माण की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं, राज्य सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत नगरीय निकायों में 50 हजार नए आवासों के निर्माण की स्वीकृति के लिए प्रस्ताव तैयार कर रही है, इसके लिए सभी निकायों को लक्ष्य दिए गए हैं और उनसे नए आवास निर्माण के प्रस्ताव मंगाए गए हैं.
योजना की राशि में बढोत्तरी
इस योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को पहले की तुलना में अब अधिक आर्थिक सहायता मिलेगी, पहले लाभार्थियों को मकान बनाने के लिए 2 लाख 29 हजार रुपए की सहायता दी जाती थी, लेकिन अब इस राशि को बढ़ाकर 2 लाख 82 हजार रुपए कर दिया गया है, हालांकि, इसके लिए एक शर्त भी रखी गई है — हितग्राहियों को अपना मकान 18 महीने के भीतर निर्माण पूर्ण करना होगा, इसके अलावा, गृह प्रवेश के समय राज्य शासन की ओर से 32 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी, जिससे लाभार्थियों को मकान पूरा करने और उसमें प्रवेश करने में मदद मिल सके.
हजारों आवासों के निर्माण को मंजूरी
प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के संचालनालय से मिली जानकारी के अनुसार, अब तक कुल 25 हजार आवासों के निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट को केंद्र सरकार से मंजूरी मिल चुकी है, हाल ही में केंद्र से 11 हजार मकानों को मंजूरी दी गई है, इसके पहले करीब 13 हजार आवासों को स्वीकृति मिल चुकी थी, यह दर्शाता है कि केंद्र और राज्य, दोनों स्तरों पर इस योजना को लेकर तेज़ी से काम हो रहा है.
जल्द शुरू की जाएगी प्रक्रिया
पिछले दिनों प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा बैठक मुख्य सचिव विकासशील द्वारा की गई थी, इस समीक्षा बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे जल्द से जल्द 50 हजार नए आवासों के लिए केंद्र को प्रस्ताव भेजें, साथ ही यह भी कहा गया कि सभी निकायों को लक्ष्य तय कर प्रस्ताव मंगाए जाएं और फिर एक साथ केंद्र सरकार को अनुमोदन के लिए भेजे जाएं, गौरतलब है कि प्रधानमंत्री आवास योजना राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं में से एक है, फिलहाल सभी निकायों को प्रस्ताव भेजने का निर्देश दे दिया गया है, और जैसे ही केंद्र सरकार की ओर से अंतिम मंजूरी मिलती है, नए आवास निर्माण की प्रक्रिया तेज़ी से शुरू कर दी जाएगी, तो अब प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत न केवल अनुदान राशि बढ़ाई गई है, बल्कि राज्य सरकार ने 50 हजार नए आवासों के निर्माण का लक्ष्य भी तय कर लिया है.
सरकार का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को अपने घर का सपना साकार करने में सहायता मिले, प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत राशि में बढ़ोतरी और प्रोत्साहन राशि जोड़ने से न केवल गरीब और मध्यम वर्ग को राहत मिलेगी, बल्कि इससे नगरीय क्षेत्रों में आवास निर्माण को भी नई गति मिलेगी, अगर सब कुछ तय समय पर हुआ, तो आने वाले महीनों में हज़ारों परिवारों को अपना खुद का घर मिलने का सपना पूरा होगा.