CG News: रायपुर के सिलतरा में किसान हाइटेंशन टावर पर चढ़ा, जमीन वापस दिलाने की मांग
CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के औद्योगिक क्षेत्र सिलतरा के ग्राम सोंडरा में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किसान अपनी जमीन वापस दिलाने की मांग को लेकर हाइटेंशन टावर पर चढ़ गया, घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए.
फैक्ट्री पर जमीन कब्जाने का आरोप
जानकारी के अनुसार ग्राम सोंडरा निवासी किसान निषाद की फार्च्यून फैक्ट्री के पास कृषि भूमि है, जिस पर वह खेती कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था, आरोप है कि कुछ साल पहले फैक्ट्री प्रबंधन ने उसकी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया.

प्रशासन से लगाई थी गुहार
गांव के सरपंच संतोष साहू ने बताया कि पीड़ित किसान ने अपनी जमीन वापस पाने के लिए पुलिस और प्रशासन से कई बार शिकायत की, लेकिन उसे न्याय नहीं मिल पाया, बताया जा रहा है कि राजस्व विभाग द्वारा सीमांकन में जमीन किसान की ही पाई गई, इसके बावजूद उसे जमीन का कब्जा नहीं दिलाया गया.
निराश होकर उठाया बड़ा कदम
सरपंच के मुताबिक जब हर जगह से न्याय की उम्मीद खत्म हो गई, तब किसान ने आत्मघाती कदम उठाते हुए आज सुबह हाइटेंशन टावर पर चढ़कर विरोध जताया, घटना की सूचना मिलने के बाद गांव के लोग और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे हैं और किसान को नीचे उतरने के लिए समझाने की कोशिश कर रहे हैं, फिलहाल किसान टावर से नीचे उतरने को तैयार नहीं है और मौके पर तनाव का माहौल बना हुआ है.