CG news : छत्तीसगढ़ में ईवी सब्सिडी भुगतान फिर से शुरू
CG news : छत्तीसगढ़ सरकार ने इलेक्ट्रिक वाहन (EV) खरीदारों को दी जाने वाली राज्य सब्सिडी का लंबित भुगतान दोबारा शुरू करने का फैसला लिया है। वर्ष 2022 में राज्य शासन ने ईवी को प्रोत्साहित करने के लिए यह योजना शुरू की थी। उस समय केंद्रीय योजना के तहत कंपनियों को सब्सिडी दी जाती रही, वहीं राज्य सरकार ने वाहन खरीदारों को सीधे सब्सिडी देने की घोषणा की थी, जिसके तहत अब तक 100 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है।
EV खरीदारों को मिलेगी राहत
हालांकि, कुछ समय बाद राज्य सरकार के पास धन की कमी के कारण यह प्रक्रिया रोक दी गई थी। परिवहन विभाग लगातार इस दिशा में प्रयासरत रहा और हाल ही में 30 करोड़ रुपये की मंजूरी मिलने के बाद फिर से सब्सिडी का भुगतान शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। यह भुगतान क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) के माध्यम से किया जाएगा।
उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार, मार्च 2025 तक की स्थिति में लगभग 90 करोड़ रुपये का भुगतान अभी शेष है। विभाग को उम्मीद है कि 2023 तक ईवी खरीदने वाले वाहन स्वामियों को इन 30 करोड़ रुपये से भुगतान संभव हो जाएगा। साथ ही, प्रक्रिया के दौरान अतिरिक्त फंड भी मिलने की संभावना है, जिससे सब्सिडी भुगतान बिना रुके जारी रह सकेगा।
दस्तावेज जमा करने की अपील
इधर, रायपुर के क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) ने 2022 में पंजीकृत ईवी और हाइब्रिड वाहन मालिकों से जरूरी दस्तावेज जमा करने की अपील की है। जिन लोगों को अब तक सब्सिडी नहीं मिली है, वे निम्नलिखित दस्तावेज रावांभाठा रायपुर स्थित काउंटर नंबर 21 पर जमा करा सकते हैं:
• वाहन की आरसी बुक की छाया प्रति
• बैंक पासबुक या कैंसिल चेक
• आधार कार्ड की छाया प्रति
आरटीओ अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि दस्तावेजों के सत्यापन के बाद लंबित सब्सिडी राशि का जल्द भुगतान किया जाएगा।