CG News : ED ने भूपेश बघेल के बेटे को किया गिरफ्तार, कांग्रेस का हंगामा तेज
रायपुर |
CG News : छत्तीसगढ़ में शराब घोटाले के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की ED द्वारा गिरफ्तारी से राज्य की राजनीति में उबाल आ गया है। गिरफ्तारी के बाद से कांग्रेस का प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन जारी है।
शनिवार को भूपेश बघेल बेटे से मिलने ED कार्यालय पहुंचे, जहां उनकी बेटी और बहू भी साथ थीं। बाहर निकलकर बघेल ने भावुक अंदाज़ में कहा – “अब तुम भी इस लड़ाई का हिस्सा हो।”
बघेल ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई राजनीतिक बदले की भावना से की गई है और कांग्रेस नेतृत्व पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने खुलासा किया कि गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही उन्हें राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का फ़ोन आया।
कांग्रेस ने एलान किया कि 22 जुलाई को राज्यभर में चक्काजाम और विरोध प्रदर्शन होंगे। पार्टी ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह अडाणी समूह को लाभ पहुंचाने के लिए विरोध करने वालों पर ED का इस्तेमाल कर रही है।
ED की जांच के मुताबिक, शराब घोटाले में ₹2,000 करोड़ से अधिक का भ्रष्टाचार हुआ। इसमें कई IAS अफसर और कारोबारी शामिल बताए जा रहे हैं। चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी से मामले ने पूरी तरह राजनीतिक मोड़ ले लिया है।