CG News: छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी ठंड, अगले 2 दिन बाद 1 से 3 डिग्री तक गिर सकता है रात का तापमान
CG News: छत्तीसगढ़ में अब ठंड का असर धीरे-धीरे महसूस होने लगा है. मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. इसके बाद रात के तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. तापमान में कमी आने से सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ने की संभावना है.

रायपुर में आज साफ रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई. राजधानी रायपुर में 22 अक्टूबर को आसमान साफ रहने का अनुमान है. यहां अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. फिलहाल बारिश या किसी अन्य मौसमी गतिविधि को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.
रायपुर में सामान्य से ज्यादा रहा तापमान
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, रायपुर में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक है. वहीं, न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया. इससे साफ है कि दिन के समय गर्मी का असर अभी बना हुआ है, हालांकि आने वाले दिनों में रातें ठंडी हो सकती हैं.

अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज
प्रदेश के अलग-अलग शहरों में तापमान में अंतर देखने को मिल रहा है. अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, बिलासपुर में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा. जगदलपुर में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
अगले पांच दिनों तक बारिश की संभावना नहीं
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल छत्तीसगढ़ में कोई प्रमुख मौसमी सिस्टम सक्रिय नहीं है. अगले पांच दिनों तक प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है. ऐसे में मौसम के शुष्क बने रहने के आसार हैं. अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से रात और सुबह के समय ठंड बढ़ सकती है, जबकि दिन में गर्मी का असर बना रह सकता है.