CG News: रक्षाबंधन पर छत्तीसगढ़ की महिलाओं को बड़ा तोहफा, महतारी वंदन की 31वीं किस्त जारी
CG News: रक्षाबंधन के मौके पर छत्तीसगढ़ की लाखों महिलाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त जारी कर दी है. पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के जरिए 1 हजार रुपये की राशि भेजी गई है. सरकार के इस फैसले से महिलाओं को त्योहार के समय आर्थिक मदद मिली है.
631 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि ट्रांसफर
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को बालोद जिले के दंड़ी लोहारा से योजना की 31वीं किस्त की राशि जारी की. इस दौरान प्रदेश की पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 631 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे ट्रांसफर की गई. सरकार के मुताबिक, महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 20 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि महिलाओं के खातों में पहुंच चुकी है.
त्योहार को देखते हुए पहले जारी हुई किस्त
महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. 31वीं किस्त सामान्य तौर पर सितंबर में जारी होनी थी, लेकिन रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए सरकार ने इसे पहले ही जारी करने का फैसला लिया. इससे महिलाएं त्योहार की जरूरतों के लिए इस राशि का इस्तेमाल कर सकेंगी.
ऐसे चेक करें 31वीं किस्त का स्टेटस
अगर आपके खाते में 31वीं किस्त की राशि आई है या नहीं, यह जानना है तो योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन एवं भुगतान स्थिति का विकल्प चुनें. इसके बाद मोबाइल नंबर या रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें. जानकारी सबमिट करते ही भुगतान की स्थिति सामने आ जाएगी. इसके अलावा महतारी वंदन योजना के मोबाइल ऐप के जरिए भी किस्त का स्टेटस चेक किया जा सकता है.
महिलाओं को हर महीने मिल रही आर्थिक मदद
महतारी वंदन योजना के जरिए राज्य सरकार पात्र महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है. 31वीं किस्त जारी होने के बाद अब महिलाओं को अगले भुगतान का इंतजार रहेगा. सरकार का कहना है कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करना और घरेलू जरूरतों के लिए उन्हें नियमित आर्थिक सहारा उपलब्ध कराना है.
यह भी पढ़ें : CG News: हेडमास्टर को बना दिया सहायक शिक्षक, हाई कोर्ट ने रद्द किया तबादला आदेश