CG News : डिप्टी कलेक्टर बनकर युवती से एक लाख की वसूली का प्रयास, दो आरोपी गिरफ्तार
CG News : छत्तीसगढ़ के अंजोरा में डिप्टी कलेक्टर का धौंस दिखाकर एक युवती से अवैध वसूली करने की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
ब्रेकअप के बाद शुरू हुई अश्लील हरकतें
पीड़िता एक निजी कॉलेज में पढ़ाई करती है। युवती ने अंजोरा चौकी में दर्ज शिकायत में बताया कि उसका पूर्व प्रेमी वैभव भारती ब्रेकअप के बाद लगातार सोशल मीडिया के ज़रिए अश्लील मैसेज भेज रहा था। परेशान होकर पीड़िता ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया।
डिप्टी कलेक्टर की प्लेट वाली कार से पहुंचा आरोपी
बीती रात जब पीड़िता अपने दोस्तों के साथ कॉलेज के बाहर खड़ी थी, तभी डिप्टी कलेक्टर की नेम प्लेट लगी एक कार वहां आकर रुकी। कार से वैभव भारती और उसका दोस्त प्रियम जैन उतरे। दोनों ने मिलकर युवती से एक लाख रुपये की मांग की। रकम नहीं देने पर कथित प्रेस कनेक्शन के जरिए बदनाम करने और जान से मारने की धमकी दी गई।
तत्काल शिकायत पर हुई गिरफ्तारी
घबराई युवती ने तुरंत अंजोरा चौकी पहुंचकर पूरी घटना की लिखित शिकायत दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नाकेबंदी की और कुछ ही देर में दोनों आरोपियों को उस कार सहित गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
आरोपियों द्वारा डिप्टी कलेक्टर की प्लेट लगी कार का इस्तेमाल कर डर पैदा करने की कोशिश की गई थी। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि वह नेम प्लेट असली थी या फर्जी।