CG News: 3 सरकारी राशन दुकानें निलंबित, अनियमितताओं पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई
CG News: कोटा और तखतपुर क्षेत्र में उपभोक्ताओं को समय पर राशन उपलब्ध न कराने और अन्य अनियमितताओं के चलते प्रशासन ने तीन सरकारी राशन दुकानों को निलंबित कर दिया है, एसडीएम ने पुडु, मिट्ठू नवागांव और जरौंधा की दुकानों के खिलाफ यह कार्रवाई की है.
पुडु की दुकान में बड़ी लापरवाही
पुडु की दुकान संचालक ने उपभोक्ताओं का ई-केवाईसी अपडेट नहीं किया, अक्टूबर माह का डी.डी. जमा नहीं किया और धान खरीदी के लिए आवश्यक पीडीएस बारदाना उपलब्ध नहीं कराया, इन कारणों से दुकान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया.
मिट्ठू नवागांव और जरौंधा में भी लापरवाही
मिट्ठू नवागांव और जरौंधा की दुकानों ने 15 नवंबर तक खाद्यान्न वितरण कार्य पूरा नहीं किया और उपभोक्ताओं के केवाईसी अपडेट करने में उदासीनता बरती, बार-बार निर्देशों के बावजूद सुधार न लाए जाने पर एसडीएम ने इन दोनों दुकानों को भी निलंबित कर दिया.
प्रशासन ने उठाए कड़े कदम
प्रशासन ने कहा कि, उपभोक्ताओं को समय पर खाद्यान्न और लाभ पहुँचाना प्राथमिकता है, उचित मूल्य दुकानों की किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, संबंधित खाद्य निरीक्षकों को वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने और जांच रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं.