CG News : 262 करोड़ की फर्जी खरीदी-बिक्री में 26 करोड़ टैक्स फ्रॉड, लोहा कारोबारी अमन अग्रवाल गिरफ्तार
CG News : रायपुर के चर्चित लोहा कारोबारी अमन अग्रवाल (32) को GST टैक्स फ्रॉड के एक बड़े मामले में स्टेट GST विभाग ने गिरफ्तार किया है। अमन पर 262 करोड़ रुपये की फर्जी खरीदी-बिक्री का आरोप है, जिससे सरकार को करीब 26 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ है।
कैसे हुआ फर्जीवाड़ा?
ज्वाइंट कमिश्नर नरेंद्र वर्मा ने बताया कि वित्तीय वर्षों 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के दौरान अमन ने कई बोगस फर्मों से लेन-देन दिखाकर इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का गलत लाभ लिया। उसने यह खरीदी-बिक्री छत्तीसगढ़ की दूसरी फर्जी फर्मों के साथ दिखाई थी।
अमन अग्रवाल, अगस्त्य इंटरप्राइजेज और अग्रवाल इंटरप्राइजेज का संचालक है। GST विभाग की जांच में सामने आया कि आरोपी ने कम से कम 10 बोगस फर्में बनाकर टैक्स चोरी को अंजाम दिया। सभी फर्म कागजों पर ही संचालित हो रही थीं।
कानूनी कार्रवाई और सुनवाई
GST अधिनियम की धारा 69 और 132(B) के तहत कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने उसे हिरासत में लिया है। आरोपी को बुधवार (आज) कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां मामले की सुनवाई होगी। GST विभाग का कहना है कि इस फर्जीवाड़े से सरकार को 26 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। जांच अभी भी जारी है और अन्य फर्मों और सहयोगियों की भूमिका की भी तहकीकात की जा रही है।