CG News : स्कूल में तंत्र-मंत्र और आगजनी से दहशत: दुर्ग के केलाबाड़ी में असामाजिक तत्वों का आतंक, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित
CG News : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के केलाबाड़ी स्थित प्राथमिक और मिडिल स्कूल परिसर में असामाजिक तत्वों की हरकतों से दहशत का माहौल बन गया है। स्कूल परिसर में कथित तौर पर तंत्र-मंत्र जैसी गतिविधियां करने के बाद आरोपियों ने तोड़फोड़ की और टेबल-कुर्सियों में आग लगा दी। इस घटना से बच्चों और शिक्षकों में भय का माहौल है और पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
जानकारी के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले स्कूल के क्लासरूम के बाहर चुनरी, माला, गोबर-मिट्टी से तंत्र-मंत्र जैसे निशान बनाए गए थे। इतना ही नहीं, क्लासरूम के अंदर भी इसी तरह के चिन्ह पाए गए थे। शिक्षकों ने उस समय भी पुलिस में शिकायत की थी, लेकिन घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही थीं।
फर्नीचर और जरूरी दस्तावेज जलाए
अब बदमाशों ने प्राथमिक स्कूल में घुसकर टेबल-कुर्सियों के साथ महत्वपूर्ण दस्तावेजों को जला दिया। क्लासरूम के पंखे, लाइट और बिजली बोर्ड भी तोड़ दिए गए। बोरिंग के केबल तक जला दिए गए, जिससे स्कूल की व्यवस्थाएं बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं।इससे पहले भी शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल बोरसी में प्रिंसिपल ऑफिस के सामने कथित तंत्र-मंत्र कर कोयल की बलि देने का मामला सामने आया था, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
छोटे बच्चों में डर, शिक्षक भी असुरक्षित
केलाबाड़ी परिसर में पहली से आठवीं तक की कक्षाएं संचालित होती हैं। लगातार हो रही घटनाओं से छोटे बच्चों में डर बैठ गया है। कई छात्र स्कूल आने से घबराने लगे हैं, वहीं शिक्षक भी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
बाउंड्री तोड़कर घुसते हैं बदमाश
शिक्षकों के मुताबिक, असामाजिक तत्वों ने स्कूल की बाउंड्री भी तोड़ दी है, जिससे वे रात के समय आसानी से परिसर में घुस जाते हैं। कई बार क्लासरूम के ताले तोड़कर अंदर रखा फर्नीचर और सामान नुकसान पहुंचाया गया है।
स्कूल प्रबंधन ने कई बार पुलिस और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से नाराज शिक्षकों ने पद्मनाभपुर थाने में दोबारा शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
पद्मनाभपुर थाना प्रभारी ने बताया कि शिक्षकों की शिकायत पर बुधवार को एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

