CG News: रायपुर में चांदी के सिक्कों के नाम पर 5 लाख की ठगी, नकली पोटली थमाकर फरार हुए आरोपी
CG News: राजधानी रायपुर में एक कारोबारी से 5 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। ठगों ने असली चांदी के सिक्कों का झांसा देकर नकली सिक्के थमा दिए।पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की।
असली सिक्कों का झांसा देकर रचा गया खेल
रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक कारोबारी के साथ बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार अमलीडीह निवासी मुरली केसरवानी से शातिर ठगों ने 5 लाख रुपये ऐंठ लिए।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने व्यापारी से संपर्क कर दावा किया कि उनके पास बड़ी मात्रा में पुराने चांदी के सिक्के हैं। मुख्य आरोपी अमर कुमार और उसके साथियों ने भरोसा जीतने के लिए शुरुआत में कुछ असली चांदी के सिक्के दिखाए और बाजार भाव से कम कीमत पर सौदा करने का लालच दिया।
नकद और जेवर लेकर फरार
ठगों की बातों में आकर मुरली केसरवानी ने सौदा तय कर लिया। निर्धारित स्थान पर मुलाकात के दौरान उन्होंने आरोपियों को 5 लाख रुपये नकद और कुछ सोने के जेवरात दे दिए। जैसे ही रकम और जेवर आरोपियों के हाथ लगे, वे मौके से फरार हो गए।
जांच में सामने आई सच्चाई
आरोपियों के जाने के बाद जब पीड़ित ने सिक्कों की पोटली खोलकर जांच की, तो ऊपर रखे कुछ असली सिक्कों के नीचे बाकी सभी सिक्के नकली और सस्ती धातु के निकले। खुद को ठगा महसूस करते हुए मुरली तुरंत न्यू राजेंद्र नगर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने आरोपी अमर कुमार और उसके साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश के लिए अमलीडीह और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।