CG News: रायगढ़ में अवैध धान पर बड़ी कार्रवाई, करोड़ का माल पकड़ा गया
CG News: रायगढ़ जिले में अवैध धान भंडारण-परिवहन पर कड़ी कार्रवाई के दौरान 15 दिनों में 3,266 क्विंटल धान जब्त किया गया। सीमाओं पर 24×7 निगरानी, 24 चेकपोस्ट, डिजिटल टोकन सिस्टम और माइक्रो एटीएम से खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी बनाई गई है। जिला स्तरीय जांच समिति भी गठित की गई।
3,266 क्विंटल अवैध धान जब्त
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर रायगढ़ में अवैध धान भंडारण और परिवहन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। अभियान के तहत पिछले 15 दिनों में 30 प्रकरणों में 3,266 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया, जिसकी कीमत 1 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। जिले की सीमाओं पर 24×7 निगरानी, शिफ्टवार ड्यूटी और विशेष निगरानी दल सक्रिय हैं। प्रशासन ने लोगों से अवैध धान संबंधी जानकारी तुरंत पुलिस या चेकपोस्ट को देने की अपील की है।
105 उपार्जन केंद्रों में सुविधाएं
जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए 105 उपार्जन केंद्र संचालित हैं, जिनमें 15 को संवेदनशील और 4 को अति-संवेदनशील घोषित किया गया है। अवैध आवक रोकने के लिए भुइंयापाली, बेलरिया, लारा, रेंगालपाली सहित 24 चेकपोस्ट बनाए गए हैं, जहां तीन पालियों में टीमें तैनात हैं।
तुंहर टोकन ऐप और जांच कमेटी से पारदर्शिता
धान खरीदी को डिजिटल बनाने के लिए “तुंहर टोकन” ऐप से ऑनलाइन टोकन दिए जा रहे हैं, जो सात दिन तक वैध रहेंगे। आधार आधारित ओटीपी अनिवार्य है। सोसायटियों में किसानों के लिए माइक्रो एटीएम से प्रतिदिन 10 हजार रुपये निकासी की सुविधा है। सुचारु खरीदी के लिए कलेक्टर ने जिला स्तरीय जांच कमेटी भी गठित की है।