CG News: रामानुजगंज के आदिवासी परिवार को नहीं मिल रहा जाति प्रमाण पत्र, सरकारी योजनाओं का लाभ ठप
CG News: रामानुजगंज के रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम झारा में रहने वाले 65 साल के भगवान दास पिछले सात वर्षों से जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं, वे गोड़ जाति से हैं, फिर भी अब तक प्रमाण पत्र नहीं मिल पाया है.

सरकारी योजनाओं से वंचित परिवार
जाति प्रमाण पत्र न मिलने के कारण उनके पूरे परिवार को अनुसूचित जनजाति के लिए बनी सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है, उनके चार बेटे और पोते भी छात्रवृत्ति, आरक्षण या अन्य शैक्षणिक सुविधाओं से वंचित हैं.
आसपास के गांवों में भी समान समस्या
भगवान दास के अनुसार, यह समस्या केवल उनका परिवार नहीं बल्कि ग्राम झारा और आसपास के कई आदिवासी परिवारों की भी है, दस्तावेज उपलब्ध न होने के कारण आदिवासी कल्याणकारी योजनाएं केवल कागजों तक ही सीमित रह गई हैं.
स्थानीय प्रशासन की प्रतिक्रिया
एसडीएम आनंद नेताम ने कहा कि, दूसरे राज्यों से आकर छत्तीसगढ़ सरहद क्षेत्र में लोग रहते हैं, नियमानुसार यदि आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए जाएंगे, तो जाति प्रमाण बनाने में कोई कठिनाई नहीं होगी.
समस्या का सामाजिक प्रभाव
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि, तकनीकी कारणों से आवेदन निरस्त कर दिए जाते हैं, लेकिन स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं हो रही, इससे आदिवासी समुदाय में गहरा असंतोष और निराशा व्याप्त है.