CG News: बिलासपुर में बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई
CG News: बिलासपुर में अब बिना नंबर प्लेट वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों की खैर नहीं। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस ने इस संबंध में सख्त अभियान शुरू कर दिया है। अब जिले के किसी भी पेट्रोल या डीजल पंप पर ऐसे वाहनों को ईंधन नहीं मिलेगा, जिनकी नंबर प्लेट गायब हो या उसमें छेड़छाड़ की गई हो।
पंप संचालकों को सख्त निर्देश
पुलिस ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को स्पष्ट हिदायत दी है कि संदिग्ध नंबर वाले वाहन दिखते ही तुरंत कंट्रोल रूम (फोन नंबर: 9479193099) को सूचना दें। जांच में यह सामने आया है कि गंभीर सड़क हादसों और आपराधिक घटनाओं में अक्सर ऐसे वाहन शामिल रहे हैं, जिनकी पहचान छिपाना आसान होता है।
पंप संचालकों के लिए बैठक भी जल्द बुलाई जाएगी, ताकि उन्हें नियमों और कार्रवाई की पूरी जानकारी दी जा सके। फिलहाल, थानेदार, चौकी प्रभारी और पेट्रोलिंग टीम इस निर्देश को पंप संचालकों तक पहुंचा रहे हैं।
नियमों की अनदेखी पर सख्त कार्रवाई
यदि कोई निजी या सरकारी पेट्रोल पंप संचालक निर्देशों का पालन नहीं करता है, तो उसके खिलाफ प्रशासन द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फ्यूल स्टेशनों पर निगरानी के लिए भी पुलिस ने विशेष व्यवस्था बनाई है।
ट्रैफिक नियम और सुरक्षा
एडिशनल एसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे ने बताया कि “पिछले कुछ दिनों में बाइक सवार कई लोग कैमरों से बचने के लिए नंबर प्लेट हटाकर घूम रहे हैं। इसके अलावा कई आपराधिक घटनाओं और सड़क हादसों में भी बिना नंबर वाले वाहनों की संलिप्तता सामने आई है। ऐसे वाहनों पर नियंत्रण और अपराध रोकने के लिए यह निर्णय लिया गया है।”
इस सख्त कदम का उद्देश्य न केवल ट्रैफिक नियमों का पालन कराना है, बल्कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत बनाना है।