CG News: जगदलपुर में कांग्रेस ने केंद्र के फैसले का किया विरोध
CG News: मनरेगा योजना का नाम बदलने के विरोध में कांग्रेस ने ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ शुरू किया है। जगदलपुर में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने एकदिवसीय उपवास रखकर केंद्र सरकार के फैसले के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
नाम परिवर्तन पर कांग्रेस का सड़क पर विरोध
मनरेगा योजना के नाम में बदलाव को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासी टकराव तेज हो गया है। कांग्रेस ने इसे केवल नाम परिवर्तन नहीं, बल्कि ग्रामीण रोजगार और पहचान से जुड़ा मुद्दा बताते हुए प्रदेशव्यापी ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ की शुरुआत की है।
जगदलपुर में एकदिवसीय उपवास
आंदोलन के चरणबद्ध कार्यक्रम के तहत रविवार को बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकदिवसीय उपवास रखा। मां दंतेश्वरी मंदिर के सामने बैठकर केंद्र सरकार के फैसले के खिलाफ सांकेतिक विरोध किया गया।
ग्रामीण मजदूरों की पहचान का सवाल
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मनरेगा सिर्फ एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि करोड़ों ग्रामीण मजदूरों की आजीविका और पहचान से जुड़ी है। इसका नाम बदलना जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है और इससे गरीबों के अधिकार कमजोर होंगे।
नाम वापस नहीं लिया तो आंदोलन होगा तेज
प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने केंद्र सरकार से मांग की कि VB जी राम जी योजना का नाम वापस बदलकर पूर्ववत मनरेगा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो कांग्रेस आंदोलन को और व्यापक और तेज करेगी।