CG News: छत्तीसगढ़ में 400 बच्चे लापता, महिला बाल विकास मंत्रालय की ‘मिसिंग चिल्ड्रन’ रिपोर्ट में हुआ खुलासा
CG News: महिला बाल विकास मंत्रालय की ‘मिसिंग चिल्ड्रन’ रिपोर्ट के अनुसार, 1 जनवरी 2025 से 31 जनवरी 2026 के बीच देश में कुल 33,577 बच्चे लापता हुए। इनमें से 7,777 बच्चों का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है, जबकि बाकी बच्चों को पुलिस और प्रशासन ने खोज लिया है।
छत्तीसगढ़ में लापता बच्चों की संख्या
रिपोर्ट के मुताबिक, इसी अवधि में छत्तीसगढ़ से 982 बच्चे लापता हुए। इनमें से 582 बच्चों को बरामद कर लिया गया, जबकि 400 बच्चे अब भी लापता हैं। बच्चों के गायब होने के मामलों में छत्तीसगढ़ देश में छठे स्थान पर है। अधिकांश लापता बच्चे 14 से 17 साल के हैं, जिसमें लड़कियों की संख्या ज्यादा है।
देश में शीर्ष राज्यों की स्थिति
रिपोर्ट के अनुसार, सबसे ज्यादा लापता बच्चों के मामले पश्चिम बंगाल में दर्ज हुए हैं। यहां 19,145 बच्चे लापता हुए, जिनमें से 15,465 बच्चों को खोज लिया गया और 3,680 बच्चे अब भी नहीं मिले।
मध्य प्रदेश दूसरे स्थान पर है, जहां 4,256 बच्चे लापता हुए, और 1,059 बच्चों का अब तक पता नहीं चला।
कुछ राज्यों में शिकायत नहीं
नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, त्रिपुरा, गुजरात, लक्षद्वीप और दादर नगर हवेली में बच्चों के लापता होने की कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है, इस रिपोर्ट से स्पष्ट होता है कि बच्चों की सुरक्षा में राज्य और केंद्र को अधिक सतर्कता और प्रभावी उपायों की आवश्यकता है। परिवारों और समाज को भी लापता बच्चों की सुरक्षा और रिपोर्टिंग के प्रति जागरूक रहना जरूरी है।