CG News: छत्तीसगढ़ में शहरी विकास को मिलेगी नई रफ्तार, 5 बड़ी रिडेवलपमेंट परियोजनाओं का टेंडर जारी
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के प्रमुख शहरों के शहरी विकास को नई दिशा देने की पहल करते हुए पांच महत्वपूर्ण रिडेवलपमेंट परियोजनाओं का टेंडर जारी कर दिया है। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल (हाउसिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट बोर्ड) द्वारा जारी इन निविदाओं के माध्यम से जर्जर और अनुपयोगी शासकीय परिसंपत्तियों को आधुनिक अधोसंरचना में बदला जाएगा। यह पूरी प्रक्रिया राज्य की रिडेवलपमेंट नीति के तहत संचालित होगी, जिसमें आवास एवं पर्यावरण विभाग नोडल विभाग और गृह निर्माण मंडल क्रियान्वयन एजेंसी की भूमिका निभाएगा।
रायपुर समेत पांच शहरों में होंगे आधुनिक विकास कार्य
रिडेवलपमेंट योजना के तहत रायपुर के शंकर नगर स्थित बी.टी.आई. ग्राउंड के सामने, महासमुंद के क्लब पारा, राजनांदगांव के कैलाश नगर, कोरबा के कटघोरा और जगदलपुर के चांदनी चौक फेज-2 क्षेत्र का कायाकल्प किया जाएगा। इन परियोजनाओं का कुल क्षेत्रफल लगभग 19.14 एकड़ है, जबकि वर्ष 2025-26 की संशोधित गाइडलाइन दरों के अनुसार इनकी अनुमानित कीमत करीब 250.30 करोड़ रुपये आंकी गई है। सभी परियोजनाओं के लिए पीपीआर और डीपीआर तैयार कर पारदर्शी निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बिना अतिरिक्त सरकारी खर्च के होगा विकास
सरकार ने इस योजना को सार्वजनिक-निजी सहभागिता (PPP) मॉडल पर विकसित करने का निर्णय लिया है। परियोजनाओं के लिए अलग से सरकारी धन खर्च नहीं किया जाएगा, बल्कि शासकीय भूमि के मूल्य का उपयोग ही वित्तीय संसाधन के रूप में किया जाएगा। इससे सरकारी परिसंपत्तियों का बेहतर उपयोग होगा, आधुनिक सुविधाओं का विस्तार होगा और राज्य को अतिरिक्त राजस्व भी प्राप्त होगा। साथ ही निजी डेवलपर्स को प्रमुख स्थानों पर परियोजनाएं विकसित करने का अवसर मिलेगा।
जल्द आएंगी नई परियोजनाएं
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार आधुनिक, सुव्यवस्थित और नागरिक-केंद्रित शहरी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने कहा कि यह केवल भवन निर्माण नहीं, बल्कि शहरों के समग्र कायाकल्प की शुरुआत है। उन्होंने विशेष रूप से रायपुर के शंकर नगर स्थित बी.टी.आई. ग्राउंड के सामने बनने वाली परियोजना को राजधानी के लिए आदर्श शहरी विकास मॉडल बताया। इस बीच मंडल के आयुक्त अवनीश कुमार शरण ने आगामी आठ नई रिडेवलपमेंट परियोजनाओं का प्रस्ताव भी जल्द तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़े: CG News: छत्तीसगढ़ में योग दिवस पर मेगा प्लान, हर जिले के लिए तय हुए मुख्य अतिथि