CG News: गौरेला-पेंड्रा में गर्भवती महिला की मौत से बवाल, चक्काजाम, लापरवाही के आरोप और न्याय की मांग तेज
CG News: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 22 वर्षीय गर्भवती महिला ज्योति चौधरी की मौत के बाद परिजनों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम किया। इलाज में लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। परिजन दोषियों पर एफआईआर की मांग कर रहे हैं। पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंचा और जांच का आश्वासन दिया।
गर्भवती महिला की मौत से फैला आक्रोश
छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में 22 वर्षीय गर्भवती महिला ज्योति चौधरी की मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने न्याय की मांग को लेकर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
इलाज में लापरवाही के गंभीर आरोप
परिजनों का आरोप है कि प्रसव पीड़ा के बाद महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मृत शिशु की जानकारी देकर उसे रेफर कर दिया गया। इसके बाद रास्ते में निजी अस्पताल में भर्ती कराने पर इलाज में लापरवाही और अधिक पैसे वसूलने के आरोप लगे हैं। परिजनों का कहना है कि समय पर सही इलाज नहीं मिला, जिससे महिला की हालत लगातार बिगड़ती गई।
चक्काजाम और प्रशासन की कार्रवाई
महिला की मौत के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन करते हुए जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है, लेकिन परिजन अभी भी न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं।