CG News: गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने पर कांग्रेस ने रायपुर में किया विरोध प्रदर्शन
CG News: रायपुर के घड़ी चौक में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों के खिलाफ प्रदर्शन किया। हाथों में गैस सिलेंडर लेकर उन्होंने सरकारी कार्यालयों का घेराव किया और केंद्र सरकार की महंगाई नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की।
चूल्हे पर खाना बनाकर प्रतीकात्मक विरोध
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेत्रियों ने चूल्हे पर खाना बनाकर प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया। उनका कहना था कि घरेलू गैस सिलेंडर के दाम इतने बढ़ गए हैं कि आम महिलाओं को फिर से पारंपरिक तरीके से खाना बनाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
नेताओं की प्रतिक्रिया
कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर पर 60 रुपये और व्यावसायिक सिलेंडर पर 110 रुपए की वृद्धि आम जनता के लिए कठिनाई बढ़ा रही है। उन्होंने केंद्र सरकार की महंगाई रोकने में नाकामी पर चिंता व्यक्त की।
आन्दोलन को तेज करने की चेतावनी
जिला अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने चेतावनी दी कि अगर महंगाई पर नियंत्रण नहीं पाया गया तो कांग्रेस आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज करेगी। इसके तहत सांसदों के आवास का घेराव और अन्य विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के मंत्री छत्तीसगढ़ आए तो पार्टी अपनी आवाज उनके कानों तक भी पहुंचाएगी, कांग्रेस का कहना है कि महंगाई के इस मुद्दे पर सरकार ठोस कदम नहीं उठाती है, तब तक पार्टी का सिलसिलेवार विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा और जनता को महंगाई की मार से राहत दिलाने के लिए अभियान चलाया जाएगा।