CG News: एयर इंडिया फ्लाइट से यात्रा के दौरान महिला के सूटकेस से 3.70 लाख का नेकलेस चोरी, माना थाने में शिकायत
CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एयर यात्रा के दौरान चोरी का मामला सामने आया है, एयर इंडिया की फ्लाइट से सफर कर रही एक महिला यात्री के सूटकेस से करीब 3.70 लाख रुपये का सोने का नेकलेस चोरी हो गया, पीड़िता को इसकी जानकारी घर पहुंचने के बाद मिली.
जोधपुर से रायपुर तक की यात्रा
शिकायत के अनुसार किरण मालू, जो सदरबाजार की निवासी हैं, 12 मार्च को एयर इंडिया की फ्लाइट से जोधपुर से दिल्ली होते हुए रायपुर पहुंचीं, उन्होंने अपने सूटकेस में 25 ग्राम का सोने का नेकलेस रखा था, जिसकी कीमत लगभग 3.70 लाख रुपये बताई जा रही है.
दिल्ली में 5 घंटे का हाल्ट
यात्रा के दौरान फ्लाइट का दिल्ली में लगभग 5 घंटे का हाल्ट रहा, इसी दौरान उन्हें उनका सूटकेस दिया गया था, इसके बाद वे दोबारा फ्लाइट से रायपुर पहुंचीं और एयरपोर्ट से सीधे घर चली गईं, घर पहुंचकर जब उन्होंने सूटकेस खोला तो उसमें रखा नेकलेस गायब था.
एयरलाइन कर्मचारियों ने नहीं की मदद
पीड़िता ने स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट (माना एयरपोर्ट) स्थित एयर इंडिया काउंटर में शिकायत की, आरोप है कि, वहां मौजूद कर्मचारी दीप बरुआ और लक्ष्मी नारायणा ने मामले में किसी भी तरह की मदद से इनकार कर दिया और आगे किससे संपर्क करना चाहिए, यह भी नहीं बताया.
माना थाने में दर्ज कराई शिकायत
कर्मचारियों के रवैए से परेशान होकर पीड़िता ने माना थाना में शिकायत दर्ज कराई, शुरुआत में पुलिस स्टाफ ने भी कार्रवाई में देरी की, लेकिन बाद में अधिकारियों ने एयरपोर्ट के सीसीटीवी कैमरों की जांच कराने की बात कही.
बैग हैंडलिंग के दौरान चोरी की आशंका
पीड़िता को आशंका है कि बैग हैंडलिंग या ट्रांजिट के दौरान सूटकेस से नेकलेस चोरी हुआ है, हालांकि सूटकेस का ताला टूटा नहीं मिला और उस पर स्टीकर भी लगा हुआ था, मामले को लेकर लंबोदर पटेल, सीएसपी माना ने बताया कि शिकायत मिल चुकी है और एयरपोर्ट के सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई जाएगी, फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.