CG News : RSS प्रमुख की सलाह पर बघेल का तंज, अजय चंद्राकर का पलटवार
CG News रायपुर। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के “तीन बच्चे पैदा करने” की सलाह पर राजनीति गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस बयान पर तंज कसते हुए कहा था कि देश की जनसंख्या पहले से ही 140 करोड़ से अधिक है। युवा बेरोजगार हैं, उन्हें नौकरी नहीं मिल रही। तो क्या बच्चे तोड़फोड़ करने के लिए, गुंडागर्दी करने के लिए या फिर भारतीय जनता पार्टी को वोट देने के लिए पैदा किए जाएंगे?
अजय चंद्राकर का पलटवार
भूपेश बघेल के इस बयान पर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि तीन बच्चे पैदा करना है या नहीं, यह हर व्यक्ति का अपना-अपना विचार है। लेकिन कांग्रेस के नेता अब छत्तीसगढ़ के असली जनहित के मुद्दे भूल चुके हैं।
कांग्रेस पर निशाना
विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस द्वारा छत्तीसगढ़ में 14 मंत्री बनाए जाने को लेकर हाईकोर्ट का रुख करने पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा – “जब हरियाणा में 14 मंत्री बनाए गए, तब कांग्रेस कहां थी? हरियाणा में 14 मंत्री कैसे बने? कांग्रेस को पहले हरियाणा के हाई कमान से पूछना चाहिए।”
CM साय की विदेश यात्रा का समर्थन
वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विदेश दौरे पर अजय चंद्राकर ने कहा कि यह उनकी पहली विदेश यात्रा थी। दक्षिण एशिया के कई देशों का दौरा हुआ, जो औद्योगिक रूप से काफी मजबूत हैं।
उन्होंने जापान का उदाहरण देते हुए कहा – “जापान छोटा देश है, लेकिन उसकी अर्थव्यवस्था बेहद मजबूत है। मुख्यमंत्री साय की इस पहल से छत्तीसगढ़ की औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।”