CG News: काम दिलाने के नाम पर 56 लाख की धोखाधड़ी, दीपक टंडन पर दो नई FIR दर्ज
CG News: छत्तीसगढ़ में कोयला खदानों में सिक्योरिटी गार्ड और कोल ट्रांसपोर्टिंग का काम दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपए लेने का मामला सामने आया है. इस प्रकरण में दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन के खिलाफ दो और एफआईआर दर्ज की गई हैं. दोनों शिकायतों में कुल 56 लाख रुपए की धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है. शिकायतकर्ताओं का कहना है कि आरोपी ने बड़े अधिकारियों और मंत्रियों से संपर्क होने का दावा कर उन्हें काम दिलाने का भरोसा दिया था, लेकिन रकम लेने के बाद न तो काम मिला और न ही पैसे वापस किए गए.

सिक्योरिटी ग्रुप संचालक से लिए 31 लाख रुपए
पहली शिकायत रूद्रा सिक्योरिटी ग्रुप के संचालक श्याम सिंह ठाकुर ने दर्ज कराई है. उनके मुताबिक, वर्ष 2022 में होटल वेलकम श्री में सिक्योरिटी गार्ड उपलब्ध कराने के सिलसिले में उनकी मुलाकात दीपक टंडन से हुई थी. बातचीत के दौरान आरोपी ने कोरबा की कोयला खदानों में सिक्योरिटी गार्ड तैनात करने और कोल ट्रांसपोर्टिंग का काम दिलाने की बात कही. बड़े मंत्रियों और अधिकारियों से अपनी पहचान होने का हवाला देकर उसने भरोसा दिलाया. शिकायत के अनुसार, जून 2022 में होटल वेलकम श्री में मैनेजर विकास कुमार नागले की मौजूदगी में दीपक को 31 लाख रुपए नकद दिए गए.
चेक बैंक में लगाने पर खाते में नहीं मिली रकम
श्याम सिंह ठाकुर का आरोप है कि कई महीने गुजरने के बावजूद उन्हें कोई काम नहीं मिला. इसके बाद उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने 3 अगस्त 2022 को 31 लाख रुपए का यश बैंक का चेक दिया. जब शिकायतकर्ता चेक लेकर बैंक पहुंचे, तो खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने की जानकारी मिली. इसके बाद उन्होंने खुद के साथ धोखाधड़ी होने की शिकायत पुलिस से की.
ग्रुप के मैनेजर से भी 25 लाख रुपए लेने का आरोप
दूसरा मामला रूद्रा सिक्योरिटी ग्रुप के मैनेजर विकास कुमार नागले की शिकायत पर दर्ज किया गया है. उन्होंने पुलिस को बताया कि मई 2022 में श्याम सिंह ठाकुर के माध्यम से उनकी मुलाकात दीपक टंडन से हुई थी. बातचीत में आरोपी ने कोल माइंस में सिक्योरिटी गार्ड और कोल ट्रांसपोर्टिंग का काम दिलाने का प्रस्ताव रखा. साथ ही शासन के बड़े अधिकारियों से संपर्क होने की बात कहकर उन्हें भी विश्वास में लिया.
काम नहीं मिला, बैंक में चेक भी नहीं हुआ भुगतान
शिकायत के मुताबिक, जुलाई 2022 में होटल वेलकम श्री के पास श्याम सिंह ठाकुर की मौजूदगी में विकास नागले से 25 लाख रुपए नकद लिए गए. आरोपी ने भरोसे के तौर पर यश बैंक का चेक भी दिया और कहा कि यदि काम मिलने में देरी होती है तो चेक के माध्यम से रकम वापस ली जा सकती है. हालांकि, काफी समय बीतने के बाद भी काम नहीं मिला. रकम वापस मांगने पर जब चेक बैंक में लगाया गया तो खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने की जानकारी सामने आई.
तेलीबांधा पुलिस ने दर्ज की दो नई FIR
दोनों शिकायतों के आधार पर रायपुर के तेलीबांधा थाना पुलिस ने दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन के खिलाफ धोखाधड़ी के दो नए मामले दर्ज किए हैं. दोनों शिकायतों को मिलाकर कथित धोखाधड़ी की रकम 56 लाख रुपए बताई गई है. पुलिस अब शिकायतों में लगाए गए आरोपों और लेनदेन से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है, दीपक टंडन के खिलाफ इससे पहले भी अलग-अलग जिलों में छह एफआईआर दर्ज होने की जानकारी सामने आई है. इन मामलों में जमीन का सौदा, लग्जरी कार बेचने, सरकारी कोयला टेंडर दिलाने, धमकी देने और अन्य धोखाधड़ी से जुड़े आरोप शामिल हैं. अलग-अलग शिकायतकर्ताओं ने अपने साथ आर्थिक और अन्य प्रकार की धोखाधड़ी होने के आरोप लगाए हैं.
One thought on “CG News: काम दिलाने के नाम पर 56 लाख की धोखाधड़ी, दीपक टंडन पर दो नई FIR दर्ज”