CG News: 17 लोगों की मौत का जिम्मेदार कबरा हाथी पकड़ से बाहर, रेडियो कॉलर लगाने का अभियान विफल
CG News: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में 17 लोगों की जान ले चुके कबरा हाथी को पकड़ने के लिए वन विभाग का रेस्क्यू अभियान शुक्रवार को सफल नहीं हो सका. विभाग की योजना हाथी को ट्रेंक्यूलाइज कर रेडियो कॉलर लगाने की थी, ताकि उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके. लेकिन जंगल में हाथी की सटीक लोकेशन नहीं मिलने के कारण विशेषज्ञों की टीम को अभियान रोकना पड़ा. अब शनिवार को नए सिरे से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जाएगा.
सायर और पहाड़कोरजा के जंगल में मिली लोकेशन
वन विभाग को जानकारी मिली थी कि कबरा हाथी सरगुजा जिले के उदयपुर वनपरिक्षेत्र में सायर और पहाड़कोरजा गांव के बीच स्थित घने जंगल में घूम रहा है. इसके बाद हाथी को पकड़ने की तैयारी शुरू की गई. अभियान में सहायता के लिए तैमोर पिंगला अभयारण्य से दो प्रशिक्षित कुमकी हाथियों को रात में ही उदयपुर बुलाया गया. शुक्रवार सुबह से वन अधिकारियों और विशेषज्ञों की टीम ने ग्राम सायर में अपना डेरा जमाकर तलाश शुरू की.

तीन ड्रोन से भी नहीं मिल सकी हाथी की लोकेशन
कबरा हाथी की मौजूदगी का पता लगाने के लिए वन विभाग ने तीन ड्रोन कैमरों की मदद ली. टीम ने जंगल के अलग-अलग हिस्सों में निगरानी की, लेकिन हाथी का सटीक ठिकाना नहीं मिल पाया. इसके बाद महावतों और विशेषज्ञों ने कुमकी हाथियों की सहायता से उसकी तलाश शुरू की. कुमकी हाथियों को संभावित रास्तों पर कबरा के पदचिह्नों और गंध के आधार पर आगे बढ़ाया गया.
सात किलोमीटर तक जंगल में चली तलाश
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दोनों कुमकी हाथी करीब सात किलोमीटर तक जंगल के भीतर गए. हालांकि, रास्ते में पथरीला इलाका और बड़ी-बड़ी चट्टानें होने के कारण कबरा के स्पष्ट पदचिह्न नहीं मिल सके. घने जंगल और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच कुमकी हाथियों का रास्ता भी भटक गया. इसके बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार का अभियान रोक दिया गया. अब शनिवार को दोबारा तलाश की जाएगी.

17 हाथियों के झुंड में शामिल है कबरा
मुख्य वन संरक्षक वन्य प्राणी प्रणय मिश्रा के अनुसार, सायर और पहाड़कोरजा के बीच मौजूद जंगल में पहले से ही 17 हाथियों का एक दल विचरण कर रहा है. कबरा हाथी भी इसी झुंड में शामिल हो गया है. ऐसे में उसे दूसरे हाथियों से अलग पहचानना चुनौती बन गया है. वन विभाग के मुताबिक, जब कबरा झुंड से अलग होगा, तभी उसे सुरक्षित तरीके से ट्रेंक्यूलाइज कर रेडियो कॉलर लगाने की कार्रवाई की जा सकेगी.
तैमोर पिंगला रेस्क्यू सेंटर में रखने की तैयारी
वन अधिकारियों के मुताबिक, कबरा हाथी को पकड़ने के बाद तैमोर पिंगला के रेस्क्यू सेंटर में रखने पर सहमति बनी है. इसके लिए शासन स्तर से जल्द आदेश मिलने की संभावना है. रेस्क्यू अभियान में वन्य प्राणी सीसीएफ प्रणय मिश्रा, वन्य प्राणी डीएफओ सौरभ सिंह, सरगुजा वनमंडलाधिकारी लोकनाथ पटेल, सूरजपुर वनमंडलाधिकारी विपुल अग्रवाल सहित कई वन अधिकारी और रेंजर शामिल रहे. विशेषज्ञ टीम में तैमोर पिंगला के डॉ. अजीत और कानन पेंडारी के डॉ. चंदन व डॉ. जड़िया ने मार्गदर्शन दिया. अब शनिवार को कुमकी हाथियों की मदद से एक बार फिर कबरा की तलाश की जाएगी.