CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में फिलहाल शुष्क रहेगा मौसम, अगले 5 दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं
CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज फिलहाल शुष्क बना रहने वाला है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक प्रदेश के न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. हालांकि, सुबह और रात के समय ठंड का एहसास लगातार बढ़ रहा है. प्रदेश के कई इलाकों में तापमान में गिरावट के साथ सर्दी का असर महसूस होने लगा है. मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक भी बारिश की कोई संभावना नहीं जताई है.

अंबिकापुर में सबसे कम तापमान, दुर्ग सबसे गर्म
प्रदेश में गुरुवार को तापमान के लिहाज से अंबिकापुर सबसे ठंडा शहर रहा. यहां न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, अधिकतम तापमान के मामले में दुर्ग सबसे आगे रहा, जहां पारा 32.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. तापमान के इन आंकड़ों से साफ है कि प्रदेश में दिन और रात के मौसम में अंतर बना हुआ है. दिन में जहां गर्मी महसूस हो रही है, वहीं रात के समय ठंड का प्रभाव बढ़ रहा है.

रायपुर में सामान्य से नीचे रहा तापमान
राजधानी रायपुर में भी सुबह और रात के दौरान ठंड महसूस होने लगी है. गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. अधिकतम तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री कम रहा. दिन के समय आसमान साफ रहा और मौसम शुष्क बना रहा. शहर में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई, मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, रायपुर में गुरुवार सुबह 8:30 बजे वायुमंडल में नमी का स्तर 81 प्रतिशत दर्ज किया गया. वहीं, शाम 5:30 बजे तक यह घटकर 55 प्रतिशत पर आ गया. मौसम में नमी के स्तर और तापमान में अंतर के चलते सुबह तथा रात के समय ठंड का एहसास ज्यादा हो रहा है.

13 नवंबर को साफ रहेगा रायपुर का आसमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 13 नवंबर को रायपुर में आसमान साफ रहने की संभावना है. इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. फिलहाल बारिश को लेकर कोई विशेष संभावना नहीं है. ऐसे में राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, राजधानी रायपुर में 13 नवंबर को सूर्योदय सुबह 6 बजकर 13 मिनट पर और सूर्यास्त शाम 5 बजकर 24 मिनट पर होगा. वहीं, चंद्रोदय सुबह 9 बजकर 39 मिनट पर और चंद्रास्त रात 8 बजकर 28 मिनट पर निर्धारित है. मौसम में बदलाव के बीच सुबह और शाम की ठंड को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है.
One thought on “CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में फिलहाल शुष्क रहेगा मौसम, अगले 5 दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं”