Railway News: ट्रेन में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक बंद रहेंगे चार्जिंग पॉइंट, यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे का बड़ा फैसला
Railway News: ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने एक अहम फैसला लिया है. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर जोन ने रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक ट्रेनों के कोच में लगे चार्जिंग पॉइंट की बिजली बंद रखने का निर्णय लिया है. इस दौरान यात्री मोबाइल फोन, लैपटॉप और पावर बैंक जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चार्ज नहीं कर पाएंगे. रेलवे की इस व्यवस्था का उद्देश्य यात्रा के दौरान आग लगने और बिजली से जुड़ी दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है.
ओवरचार्जिंग और शॉर्ट सर्किट से बचाव की तैयारी
रेलवे प्रशासन के मुताबिक, अक्सर यात्री रात में सोने से पहले अपने मोबाइल और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चार्जिंग पर लगा देते हैं. कई बार उपकरण लंबे समय तक चार्जिंग पर लगे रहते हैं, जिससे ओवरहीटिंग, शॉर्ट सर्किट और अन्य तकनीकी समस्याओं का खतरा बना रहता है. चलती ट्रेन में ऐसी स्थिति गंभीर हादसे का कारण बन सकती है. यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रात के निर्धारित समय में चार्जिंग पॉइंट की बिजली आपूर्ति बंद रखने की व्यवस्था की जा रही है.

रात में मोबाइल चार्ज करने वाले यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी
इस फैसले का असर खासतौर पर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों पर पड़ सकता है. आमतौर पर दिनभर मोबाइल का इस्तेमाल करने के बाद बड़ी संख्या में यात्री रात में सोते समय फोन चार्जिंग पर लगा देते हैं. बताया जा रहा है कि करीब 90 फीसदी यात्री रात के समय मोबाइल चार्ज करते हैं. ऐसे में लगातार छह घंटे तक चार्जिंग सुविधा उपलब्ध नहीं रहने से यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना में बदलाव करना पड़ सकता है.

मोबाइल चोरी की घटनाओं का खतरा भी रहेगा कम
रेलवे के इस निर्णय के पीछे केवल आग और शॉर्ट सर्किट से बचाव ही नहीं, बल्कि यात्रियों के सामान की सुरक्षा का पहलू भी जुड़ा है. रात में कई यात्री मोबाइल फोन को चार्जिंग पॉइंट पर लगाकर सो जाते हैं. इस दौरान फोन पर नजर नहीं रहने से चोरी की आशंका बनी रहती है. चार्जिंग पॉइंट बंद रहने से इस तरह की परिस्थितियों को भी नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है, रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन में सफर शुरू करने से पहले अपने मोबाइल फोन, लैपटॉप, पावर बैंक और अन्य जरूरी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को अच्छी तरह चार्ज कर लें. विशेष रूप से रात में यात्रा करने वाले यात्री रात 11 बजे से पहले चार्जिंग का काम पूरा कर लें, ताकि सुबह 5 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहने के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो.
सुरक्षा और सुविधा के बीच यात्रियों के सामने नई चुनौती
रेलवे का यह कदम यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर उठाया गया है, लेकिन लंबी दूरी की ट्रेनों में सफर करने वाले लोगों के लिए छह घंटे तक चार्जिंग सुविधा बंद रहना एक बड़ी असुविधा भी बन सकता है. खासकर उन यात्रियों को परेशानी हो सकती है, जिन्हें मोबाइल के जरिए टिकट, भुगतान और जरूरी संपर्क बनाए रखने होते हैं. ऐसे में यात्रियों को अब ट्रेन में चढ़ने से पहले अपने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बैटरी का विशेष ध्यान रखना होगा.