CG News: महादेव ऐप के आरोपी सौरभ चंद्राकर की कोर्ट में पेशी, ED ने पूछताछ के लिए मांगी कस्टोडियल रिमांड
CG News: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. शुक्रवार को उसे रायपुर जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच ED की PMLA स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया. पुलिस उसे हथकड़ी लगाकर अदालत लेकर पहुंची थी. पेशी को देखते हुए कोर्ट परिसर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई. इस दौरान ED ने सौरभ से आगे पूछताछ के लिए उसे कस्टोडियल रिमांड पर सौंपने की मांग करते हुए अदालत में आवेदन पेश किया.
CBI कोर्ट से राहत नहीं मिलने पर ED ने लगाई अर्जी
दरअसल, सौरभ चंद्राकर को जेल से अदालत में पेश करने के लिए ED ने प्रोडक्शन वारंट की प्रक्रिया अपनाई थी. जानकारी के मुताबिक, पहले CBI कोर्ट में इस संबंध में आवेदन दिया गया था, लेकिन वहां से अर्जी खारिज होने के बाद ED ने PMLA स्पेशल कोर्ट का रुख किया. अदालत ने ED की अर्जी स्वीकार कर ली, जिसके बाद शुक्रवार को पुलिस उसे रायपुर जेल से विशेष अदालत लेकर पहुंची. अब एजेंसी की कोशिश है कि कस्टडी में लेकर उससे पूरे सट्टा नेटवर्क के बारे में विस्तार से पूछताछ की जाए.

न्यायिक हिरासत में भेजा गया था
इससे पहले सौरभ चंद्राकर से CBI ने लगातार 8 दिनों तक कस्टडी में पूछताछ की थी. रिमांड की अवधि समाप्त होने के बाद गुरुवार को उसे रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया. इस दौरान CBI ने दोबारा पुलिस कस्टडी की मांग नहीं की और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने का अनुरोध किया. अदालत ने सौरभ को 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया था. कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट से निकलने के बाद उसे वापस जेल पहुंचाया गया. इस दौरान सौरभ अपने साथ एक झोला लेकर जेल के भीतर जाता दिखाई दिया था.
सट्टा नेटवर्क से लेकर हवाला लेनदेन तक हुई पूछताछ
CBI की 8 दिनों की पूछताछ में महादेव ऐप के संचालन और उससे जुड़े कथित अवैध कारोबार के कई पहलुओं पर जानकारी जुटाने की कोशिश की गई. एजेंसी ने पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क, ऑनलाइन सट्टे से होने वाली कमाई, हवाला के जरिए पैसों के लेनदेन और कथित प्रोटेक्शन मनी के बारे में सवाल किए. जांचकर्ताओं का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि सट्टे से हासिल की गई रकम किन-किन लोगों तक पहुंचाई जाती थी और इस पूरे नेटवर्क को संचालित करने में किन लोगों की भूमिका थी.
![]()
अधिकारियों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका जांच के दायरे में
जांच एजेंसियां इस बात का भी पता लगाने में जुटी हैं कि महादेव ऐप के जरिए संचालित कथित सट्टेबाजी के कारोबार को किन लोगों का संरक्षण प्राप्त था. बैंक खातों, संदिग्ध वित्तीय लेनदेन और हवाला नेटवर्क के जरिए रकम के हस्तांतरण की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है. CBI ने अपनी रिमांड अवधि के दौरान इन सभी बिंदुओं पर पूछताछ की थी. अब ED भी मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े पहलुओं को लेकर सौरभ चंद्राकर से जानकारी हासिल करना चाहती है.
2022 में दर्ज हुई थी महादेव ऐप मामले की पहली FIR
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले की शुरुआत 30 मार्च 2022 को हुई थी, जब दुर्ग के मोहन नगर थाने में इस संबंध में पहली FIR दर्ज की गई थी. इसके बाद 6 अक्टूबर 2022 को ED ने मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच शुरू की. जांच के दौरान सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल को इस मामले के प्रमुख आरोपियों के रूप में चिन्हित किया गया. वहीं, CBI ने 18 दिसंबर 2024 को इस मामले में अपना केस दर्ज किया था. फिलहाल जांच एजेंसियां ऑनलाइन सट्टेबाजी के पूरे नेटवर्क, पैनल संचालकों, बैंक खातों और हवाला के जरिए हुए कथित लेनदेन की पड़ताल कर रही हैं.