Raipur News: दीपक टंडन और पत्नी बरखा पर ठगी के नए केस दर्ज, एक सप्ताह में 5 FIR से मचा हड़कंप
Raipur News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में होटल कारोबारी दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. दीपक टंडन और उनकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ तेलीबांधा थाने में धोखाधड़ी के दो नए मामले दर्ज किए गए हैं. इसके अलावा सक्ती जिले में भी उनके खिलाफ एक कारोबारी की शिकायत पर FIR दर्ज हुई है. इस तरह सामने आई जानकारी के मुताबिक, एक सप्ताह के भीतर दीपक टंडन के खिलाफ कुल पांच मामले दर्ज हो चुके हैं. ताजा शिकायतों में जमीन, रेस्टोरेंट और लग्जरी कार के सौदे के नाम पर 56 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी के आरोप लगाए गए हैं.

36 लाख से ज्यादा लेने का आरोप
तेलीबांधा थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, शंकर नगर निवासी बीयर कारोबारी आशीष जायसवाल को 16 हजार 500 वर्गफीट जमीन और उस पर संचालित एटमॉस्फिरिया रेस्टोरेंट बेचने का प्रस्ताव दिया गया था. इस संपत्ति का सौदा करीब 1 करोड़ 16 लाख रुपए में तय होने की बात कही गई. शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस सौदे पर भरोसा करके उन्होंने ऑनलाइन और नकद माध्यम से कुल 36 लाख 16 रुपए का भुगतान किया. बाद में उन्हें जानकारी मिली कि जिस जमीन को बेचने का सौदा किया गया था, उसका मालिकाना हक दीपक टंडन के नाम पर नहीं है.
पैसे वापस मांगने पर धमकी देने का आरोप
आशीष जायसवाल ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि जमीन के स्वामित्व को लेकर जानकारी सामने आने के बाद उन्होंने दंपती से अपनी रकम वापस मांगी. इस पर उनके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई. शिकायत में एससी-एसटी एक्ट के तहत झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप भी शामिल है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की है.
20 लाख की धोखाधड़ी का आरोप
दूसरे मामले में 2023 मॉडल की टोयोटा फॉर्च्यूनर लीजेंडर बेचने के नाम पर 20 लाख रुपए लेने की शिकायत की गई है. आशीष जायसवाल के मुताबिक, 19 अगस्त 2025 को दीपक टंडन ने उन्हें यह कार बेचने का प्रस्ताव दिया था. सौदे पर भरोसा दिलाने के लिए लक्ष्मी मोटर्स की डिलीवरी रसीद भी दिखाई गई. शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्होंने पूरी रकम नकद दी और स्टांप पेपर पर एग्रीमेंट भी कराया, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी उन्हें कार नहीं मिली.
न कार मिली, न वापस हुई रकम
शिकायत के अनुसार, दीपक टंडन ने कार की सर्विसिंग कराने के बाद उसे आशीष जायसवाल के घर पहुंचाने की बात कही थी. हालांकि, न तो वाहन सौंपा गया और न ही भुगतान की गई रकम वापस की गई. बाद में जांच करने पर शिकायतकर्ता को पता चला कि संबंधित कार भी दीपक टंडन के नाम पर दर्ज नहीं थी. इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की.
टेंडर दिलाने के नाम पर 15 लाख की ठगी
इधर, सक्ती जिले में भी दीपक टंडन के खिलाफ धोखाधड़ी का एक मामला दर्ज किया गया है. सक्ती सिटी कोतवाली में दर्ज शिकायत के मुताबिक, वार्ड नंबर 6 गुरुद्वारा वार्ड निवासी कारोबारी किशन शर्मा को कोयले का बड़ा सरकारी टेंडर दिलाने का भरोसा दिया गया था. आरोप है कि मार्च 2022 में दीपक टंडन ने अपनी ऊंचे अधिकारियों तक पहुंच होने की बात कहकर टेंडर दिलाने का आश्वासन दिया. इस भरोसे में आकर किशन शर्मा ने चेक के माध्यम से कुल 15 लाख रुपए का भुगतान कर दिया.
दिया गया चेक भी सवालों के घेरे में
किशन शर्मा की शिकायत के अनुसार, रकम लेते समय दीपक टंडन ने गारंटी के तौर पर एचडीएफसी बैंक का 4 लाख रुपए का चेक और एक खाली चेक दिया था. बाद में बैंक से जानकारी लेने पर शिकायतकर्ता को पता चला कि संबंधित बैंक खाता कई साल पहले ही बंद हो चुका था. इसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क कर अपने साथ धोखाधड़ी होने का आरोप लगाया. पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पहले भी दर्ज हो चुकी है FIR
दीपक टंडन और बरखा टंडन के खिलाफ इससे पहले भी रायपुर के तेलीबांधा थाने में मामला दर्ज हुआ था. आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी की शिकायत में VIP रोड स्थित होटल की संपत्ति पर जबरन कब्जा करने, ताला तोड़ने, सरकारी सील हटाने और जान से मारने की धमकी देने जैसे आरोप लगाए गए थे. अब जमीन और कार के सौदों से जुड़े नए मामले सामने आने के बाद दंपती की कानूनी मुश्किलें बढ़ गई हैं. फिलहाल पुलिस दर्ज शिकायतों और लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है.