CG News: कांग्रेस नेता संजू त्रिपाठी हत्याकांड के सभी 22 आरोपी बरी, 2022 में हुई थी दिनदहाड़े हत्या
CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कांग्रेस नेता संजू त्रिपाठी हत्याकांड में जिला अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है. शुक्रवार, 30 अक्टूबर को कोर्ट ने इस मामले में नामजद सभी 22 आरोपियों को बरी कर दिया. इनमें संजू त्रिपाठी के भाई कपिल त्रिपाठी का नाम भी शामिल है. बचाव पक्ष के वकील के मुताबिक, अभियोजन पक्ष हत्या की साजिश को अदालत में साबित नहीं कर सका, जिसके चलते सभी आरोपियों को बरी कर दिया गया.

प्रॉपर्टी विवाद के बाद दिनदहाड़े हुई थी हत्या
कांग्रेस नेता और हिस्ट्रीशीटर संजू त्रिपाठी की 14 दिसंबर 2022 को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में पुलिस जांच के दौरान संपत्ति विवाद को हत्या की वजह बताया गया था. संजू त्रिपाठी और उनके भाई कपिल त्रिपाठी के बीच प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था. पुलिस ने जांच के बाद आरोप लगाया था कि इसी विवाद के चलते हत्या की साजिश रची गई, पुलिस की जांच में कपिल त्रिपाठी को हत्या की साजिश का मुख्य आरोपी बताया गया था. आरोप था कि उसने उत्तर प्रदेश के शूटरों को बुलाकर संजू त्रिपाठी की हत्या की योजना बनाई थी. इस मामले में कपिल समेत कुल 22 लोगों को आरोपी बनाया गया था. हालांकि, अदालत में अभियोजन पक्ष इन आरोपों को साबित नहीं कर सका और सभी आरोपियों को बरी कर दिया गया.
फार्म हाउस में हत्या की योजना बनाने का था आरोप
पुलिस जांच के अनुसार, कपिल त्रिपाठी के पास तीन पिस्टल और करीब 20 कारतूस थे. आरोप था कि फार्म हाउस में शूटरों के साथ मिलकर हत्या की योजना तैयार की गई. 14 दिसंबर 2022 को आरोपी कथित तौर पर चार अलग-अलग गाड़ियों में सवार होकर कपिल के फार्म हाउस से सकरी बाइपास की ओर निकले थे, पुलिस की कहानी के मुताबिक, प्रसीन गुप्ता सफेद रंग की कार में भरत तिवारी, आशीष तिवारी और राजेंद्र ठाकुर के साथ सवार था. वहीं, नीले रंग की पुरानी बलेनो कार विनय द्विवेदी उर्फ गुरुजी चला रहा था. इस कार में दानिश, पप्पू दाढ़ी और एजाज उर्फ सोनू के सवार होने की बात जांच में सामने आई थी. पुलिस के अनुसार, इनके पास हथियार और कारतूस मौजूद थे.
सकरी बाइपास पर कार रोककर की गई थी फायरिंग
जांच में बताया गया था कि आरोपी संजू त्रिपाठी की गाड़ी का इंतजार कर रहे थे. शाम करीब 4:10 बजे सफेद रंग की MG हेक्टर वहां पहुंची. आरोप था कि प्रसीन गुप्ता ने अपनी कार आगे लगाकर संजू की गाड़ी रोक दी. इसके बाद दूसरी कार से आए हमलावरों ने गाड़ी को घेर लिया और ड्राइवर सीट पर बैठे संजू त्रिपाठी पर गोली चला दी. पुलिस जांच में 6 से 7 राउंड फायरिंग की बात सामने आई थी, इस हत्याकांड में पुलिस ने कुल 22 लोगों को आरोपी बनाया था. इनमें मुख्य आरोपी बताए गए कपिल त्रिपाठी के साथ उत्तर प्रदेश के शूटर भी शामिल थे. अब 30 अक्टूबर को जिला अदालत ने सभी 22 आरोपियों को बरी कर दिया है. बचाव पक्ष के वकील ने बताया कि हत्या की साजिश साबित नहीं हो पाने के कारण अदालत ने यह फैसला सुनाया. इस फैसले के बाद 2022 के चर्चित संजू त्रिपाठी हत्याकांड का मुकदमा सभी आरोपियों के बरी होने के साथ समाप्त हुआ.
One thought on “CG News: कांग्रेस नेता संजू त्रिपाठी हत्याकांड के सभी 22 आरोपी बरी, 2022 में हुई थी दिनदहाड़े हत्या”