CG News: स्पेशल ट्रेन नहीं मिली तो कांग्रेस ने बदला प्लान, 30 से ज्यादा बसों से दिल्ली जाएंगे 5 हजार कार्यकर्ता
CG News: छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने दिल्ली में होने वाली महारैली में शामिल होने के लिए अपनी यात्रा की योजना बदल दी है. रेलवे से स्पेशल ट्रेन की बुकिंग नहीं मिलने के बाद अब पार्टी बसों के जरिए नेताओं और कार्यकर्ताओं को दिल्ली ले जाने की तैयारी कर रही है. यह महारैली 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होनी है.
30 से ज्यादा लग्जरी बसों की बुकिंग
जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस ने दिल्ली जाने के लिए 30 से अधिक लग्जरी बसें बुक की हैं. पार्टी का लक्ष्य छत्तीसगढ़ से करीब 5 हजार से ज्यादा नेताओं और कार्यकर्ताओं को रैली में शामिल कराने का है. इनमें विधायक, पूर्व विधायक, जिला अध्यक्ष और ब्लॉक स्तर के कार्यकर्ता शामिल होंगे.

स्पेशल ट्रेन के लिए रेलवे से किया था अनुरोध
इससे पहले छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने रैली में शामिल होने के लिए रेलवे से स्पेशल ट्रेन उपलब्ध कराने की मांग की थी. पार्टी ने 15 कोच की ट्रेन चलाने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने प्रतिबंधित अवधि का हवाला देते हुए बुकिंग से इनकार कर दिया. इसके बाद कांग्रेस ने बसों के जरिए दिल्ली पहुंचने की व्यवस्था बनाने का फैसला किया.
रामलीला मैदान में होगी ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली
दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ और ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के मुद्दे से जुड़ी महारैली आयोजित की जाएगी. इसमें विपक्षी गठबंधन INDIA के नेताओं और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात कही गई है. कांग्रेस इस आयोजन के जरिए चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को उठाना चाहती है.
राहुल गांधी ने लोगों से शामिल होने की अपील की
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने छात्रों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और व्यापारियों से रैली में शामिल होने की अपील की है. उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा के लिए लोगों से आगे आने का आह्वान किया है. राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर सवाल उठाए हैं. उन्होंने आरोप लगाया है कि मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाए गए और चुनाव संबंधी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है, स्पेशल ट्रेन की बुकिंग नहीं होने के बाद कांग्रेस अब बसों के जरिए कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचाने की तैयारी में जुटी है. पार्टी के मुताबिक, हजारों कार्यकर्ताओं को रैली में शामिल कराने के लिए परिवहन की व्यवस्था की जा रही है. वहीं, रैली की तारीख को लेकर दिल्ली के कुछ व्यापारियों की ओर से बदलाव की मांग किए जाने की बात भी सामने आई है.
One thought on “CG News: स्पेशल ट्रेन नहीं मिली तो कांग्रेस ने बदला प्लान, 30 से ज्यादा बसों से दिल्ली जाएंगे 5 हजार कार्यकर्ता”