CG News: बीच सड़क पर नायब तहसीलदार का बर्थडे सेलिब्रेशन, रील बनाना पड़ा भारी, पुलिस ने दर्ज किया केस
CG News: छत्तीसगढ़ में बीच सड़क पर कार खड़ी कर जन्मदिन मनाने और आतिशबाजी करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जो जांच के बाद बिलासपुर जिले का निकला. शुरुआती खबरों में इस वीडियो को राजधानी रायपुर का बताया जा रहा था, लेकिन पुलिस पड़ताल में सच सामने आया. जांच में पाया गया कि बिलासपुर के व्यस्त रिवर व्यू रोड पर नायब तहसीलदार ने बीच सड़क पर केक काटकर अपना जन्मदिन मनाया था. मामला सामने आने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने संबंधित कार के मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है.

कार की डिक्की में केक रखकर रील बनाते दिखे अफसर
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बीच सड़क पर खड़ी कार की डिक्की खोलकर उसमें बर्थडे केक और डेकोरेशन का टैग रखा हुआ है. इस दौरान अफसर बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की फिल्म के मशहूर गाने ‘ओ ओ जाने जाना’ पर रील बनाते हुए भी नजर आ रहे हैं. इसके साथ ही वीडियो में एक अन्य युवक सड़क के बीचों-बीच आतिशबाजी करने की तैयारी करता दिख रहा है. इस पूरी घटना से न केवल यातायात बाधित हुआ, बल्कि सड़क पर दुर्घटना का बड़ा खतरा भी बना रहा.
रायपुर में पदस्थ हैं नायब तहसीलदार विपिन पटेल
पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में दिख रहे नायब तहसीलदार विपिन पटेल वर्तमान में रायपुर जिले में पदस्थ हैं. यही वजह थी कि शुरुआत में इस घटना को रायपुर का मान लिया गया था. हालांकि, बिलासपुर पुलिस की विस्तृत जांच के बाद यह पूरी तरह साफ हो गया कि उन्होंने 18 और 19 अक्टूबर की दरमियानी रात बिलासपुर के प्रसिद्ध रिवर व्यू रोड पर पहुँचकर इस तरह का गैर-जिम्मेदाराना जश्न मनाया था.
प्रत्यक्षदर्शी की लिखित शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
घटना को लेकर सरजू बगीचा निवासी अमित साहू ने 23 अक्टूबर को सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि 18-19 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे जब वे घर लौट रहे थे, तब सड़क के बीचों-बीच गाड़ी खड़ी कर बर्थडे मनाया जा रहा था जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया था. शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सिविल लाइन पुलिस ने वाहन संख्या CG-04-NY-1910 के मालिक और चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
सड़क पर बर्थडे मनाने को लेकर हाईकोर्ट के सख्त निर्देश
सार्वजनिक सड़कों पर केक काटने, आतिशबाजी करने और ट्रैफिक बाधित करने जैसे मामलों को लेकर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट पहले ही बेहद कड़ा रुख अपना चुका है. हाईकोर्ट ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि सड़क पर हुड़दंग मचाने वाले असामाजिक तत्वों और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा ऐसे मामलों में दोषियों के ड्राइविंग लाइसेंस तक निरस्त किए जाएं. इस घटना के बाद अब पुलिस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुट गई है.
One thought on “CG News: बीच सड़क पर नायब तहसीलदार का बर्थडे सेलिब्रेशन, रील बनाना पड़ा भारी, पुलिस ने दर्ज किया केस”