CG News: बलौदाबाजार में भीषण बस हादसा, 5 लोगों की मौत, 10 से ज्यादा घायल
CG News: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया. ग्राम दरचुरा के पास सड़क पर खड़े ट्रक से अंबिकापुर से रायपुर जा रही रॉयल कंपनी की यात्री बस पीछे से टकरा गई. हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 से ज्यादा यात्री घायल हुए हैं. दुर्घटना सुबह करीब 5:30 बजे सिमगा थाना क्षेत्र में इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास हुई.

खड़े ट्रक से टकराई बस, 3 की मौके पर मौत
जानकारी के मुताबिक, नेशनल हाईवे पर एक ट्रक खराब होने के कारण सड़क पर खड़ा था. सुरक्षा के लिए ट्रक के पास स्टॉपर लगाया गया था. इसी दौरान बस क्रमांक CG04 NM 0859 ट्रक के पीछे जा टकराई. बस में कुल 22 यात्री सवार बताए गए हैं. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई यात्री बस के भीतर फंस गए. हादसे में एक यात्री का पैर कटकर अलग हो गया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी.
ड्राइवर, हेल्पर समेत 5 लोगों की मौत
हादसे में जशपुर निवासी बस चालक भागीरथी यादव (37), बलरामपुर निवासी हेल्पर पवन देवांगन (24) और बलरामपुर के यात्री समीम मोहम्मद (39) की मौत हो गई. वहीं, बलरामपुर निवासी अतुल कुमार (33) और रायगढ़ निवासी सुंदर लाल (49) को गंभीर हालत में रायपुर रेफर किया गया था. इलाज के दौरान दोनों ने रायपुर में दम तोड़ दिया. इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 5 हो गई.
गैस कटर से बस में फंसे यात्रियों को निकाला
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए. टक्कर के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद ली गई. घायलों को एंबुलेंस से सिमगा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया. गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया.
तेज रफ्तार को हादसे की वजह मानकर जांच
सिमगा थाना प्रभारी परिवेश तिवारी के मुताबिक, सड़क पर खड़े ट्रक के पीछे तेज रफ्तार यात्री बस टकरा गई. हादसे में तीन लोगों की मौके पर मौत हुई, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को इलाज के लिए रायपुर भेजा गया. पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है. हादसे के कारणों और सड़क पर खड़े खराब ट्रक के आसपास सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति की जांच की जा रही है.
One thought on “CG News: बलौदाबाजार में भीषण बस हादसा, 5 लोगों की मौत, 10 से ज्यादा घायल”