CG News: बालोद में हेड कॉन्स्टेबल की बेटी पर एसिड अटैक, लव प्रपोजल ठुकराने पर दोस्त से कराया हमला
CG News: छत्तीसगढ़ के बालोद में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. आमापारा स्थित लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही 22 वर्षीय छात्रा (एमए पास, कॉम्पिटिटिव एग्जाम की तैयारी कर रही) पर सिंचाई कॉलोनी में बाइक सवार युवक ने तेजाब (एसिड) फेंक दिया. गंभीर हालत में पीड़िता को बालोद जिला अस्पताल से रायपुर रेफर किया गया है.
लव प्रपोजल ठुकराने पर रची गई खौफनाक साजिश
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि वारदात का मास्टरमाइंड छात्रा के साथ कोचिंग में पढ़ चुका युवक है. छात्रा द्वारा उसका लव प्रपोजल ठुकराए जाने से नाराज होकर उसने अपने बीजापुर (भैरमगढ़) निवासी बचपन के दोस्त को बुलाकर एसिड अटैक कराने की पूरी साजिश रची थी. मुख्य आरोपी खुद भी एक पुलिसकर्मी का बेटा है.
‘सुंदरता पर गुमान है, चेहरा जला दो‘
शुरुआती जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी ने दोस्त को एसिड की बोतल सौंपते हुए कहा था कि “उसे अपनी सुंदरता पर गुमान है, उसका चेहरा ऐसा जला दो कि देखने लायक न रहे.” इसके बाद दोस्त ने छात्रा की रेकी की और सोमवार दोपहर 12:30 बजे पीछे से आकर चेहरे पर तेजाब फेंक दिया. छात्रा के शरीर का दाहिना हिस्सा, चेहरा और आंख बुरी तरह झुलस गए हैं.
भागते समय पकड़ा गया आरोपी
मुख्य आरोपी के दोस्त ने वारदात से ठीक पहले कमरौद में अपनी महिला मित्र से कथित रूप से शादी की थी. हमले के बाद आरोपी अपनी नई-नवेली पत्नी के साथ बस में बैठकर कोंडागांव भाग रहा था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर धर दबोचा. वहीं मुख्य आरोपी को उसके बालोद स्थित किराए के मकान से गिरफ्तार कर लिया गया.
सख्त से सख्त सजा देने की मांग
घटना की खबर मिलते ही संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने रायपुर अस्पताल पहुंचकर पीड़िता का हाल-चाल जाना. वहीं गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
One thought on “CG News: बालोद में हेड कॉन्स्टेबल की बेटी पर एसिड अटैक, लव प्रपोजल ठुकराने पर दोस्त से कराया हमला”