CG News: छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के 205 मामले, 24 घंटे में 26 नए मरीज, कोरोना ने भी बढ़ाई चिंता
CG News: छत्तीसगढ़ में एच1एन1 यानी स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है. प्रदेश के अलग-अलग जिलों से रोज नए मरीज सामने आ रहे हैं. अब तक राज्य में स्वाइन फ्लू के कुल 205 मामले सामने आ चुके हैं. वहीं हाल के दिनों में कोरोना संक्रमण के 4 नए मामले मिलने से स्वास्थ्य विभाग के सामने संक्रमण की रोकथाम की चुनौती और बढ़ गई है.
24 घंटे में मिले 26 नए मरीज
पिछले 24 घंटे में प्रदेश में स्वाइन फ्लू के 26 नए मरीजों की पुष्टि हुई है. इनमें सबसे ज्यादा 12 मरीज रायपुर से सामने आए हैं. इसके अलावा बिलासपुर में 6 और दुर्ग में 4 नए संक्रमित मिले हैं. प्रदेश के अन्य शहरों में भी स्वाइन फ्लू के मामले सामने आए हैं. नए मरीज मिलने के बाद राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 205 हो गई है.
रायपुर और दुर्ग-भिलाई में ज्यादा असर
स्वाइन फ्लू का सबसे ज्यादा प्रभाव राजधानी रायपुर और दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में देखने को मिल रहा है. लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिला अस्पतालों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं. अस्पतालों में जांच, दवाइयों और जरूरी चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. कोरोना के नए मामलों पर भी विभाग की नजर बनी हुई है.
स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि संक्रमण की स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है. उन्होंने लोगों से सर्दी, खांसी, बुखार या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराने की अपील की है. वर्तमान में स्वाइन फ्लू के 57 मरीजों का इलाज चल रहा है. इनमें 13 मरीज घर में रहकर उपचार ले रहे हैं, जबकि 44 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं.
टीएस सिंहदेव ने साझा किया अनुभव
स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच पूर्व स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने भी इस बीमारी को लेकर अपनी बात रखी. उन्होंने बताया कि उनकी करीब डेढ़ साल की नातिन भी स्वाइन फ्लू से संक्रमित हुई थी. सिंहदेव ने कहा कि प्रदेश के कई शहरों से लगातार मामले सामने आ रहे हैं. उन्होंने लोगों से बीमारी को लेकर सावधानी बरतने और लक्षण दिखाई देने पर समय पर उपचार लेने की सलाह दी.
यह भी पढ़ें : CG News: PM आवास के फ्लैट में दरार और सीपेज, ₹4.25 लाख देकर घर खरीदने वाले परेशान