CG News: छत्तीसगढ़ कैबिनेट के बड़े फैसले, AI मिशन से लेकर BEML प्लांट तक को मंजूरी
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI मिशन को मंजूरी दी गई है, यह मिशन अगले 5 वर्षों के लिए लागू होगा, जिस पर करीब 500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, इसका उद्देश्य राज्य में सुशासन, डिजिटल अर्थव्यवस्था और नई तकनीक को बढ़ावा देना है.

100 AI डेटा लैब और 5 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस किए जाएंगे स्थापित
AI मिशन के तहत राज्य में 100 AI डेटा लैब बनाई जाएंगी, इसके अलावा 5 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित होंगे और 300 से ज्यादा AI स्टार्टअप्स को सहायता दी जाएगी, सरकार 6 लाख विद्यार्थियों और 1.5 लाख सरकारी कर्मचारियों को AI का प्रशिक्षण भी देगी, साथ ही प्रशासनिक कामों को आसान बनाने के लिए 50 से ज्यादा AI आधारित सेवाएं विकसित की जाएंगी.
BEML को जमीन आवंटन
कैबिनेट ने हैवी अर्थ मूविंग इक्वीपमेंट मैन्युफैक्चरिंग संयंत्र की स्थापना के लिए भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड यानी BEML को रियायती दर पर भूमि देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है, यह राज्य का पहला ऐसा उद्योग होगा, जिससे औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.
WAMIS सिस्टम से निर्माण कार्यों में आएगी पारदर्शिता
बैठक में लोक निर्माण विभाग में निर्माण कार्यों के डिजिटल प्रबंधन के लिए WAMIS प्रणाली लागू करने को मंजूरी दी गई है, इस सिस्टम के जरिए ई-प्राक्कलन, ई-प्रोक्योरमेंट, ई-मेजरमेंट बुक, बिल भुगतान और गुणवत्ता निगरानी जैसी प्रक्रियाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर होंगी, इससे निर्माण कार्यों की रियल टाइम मॉनिटरिंग और पारदर्शिता बढ़ेगी.
ADB अनुदान, S-SNA मॉडल और CSPGCL बॉन्ड को मिली मंजूरी
कैबिनेट ने छत्तीसगढ़ अंजोर विजन 2047 के लिए Asian Development Bank से 15 करोड़ रुपये के अनुदान को मंजूरी दी है, साथ ही सरकारी योजनाओं के बेहतर वित्तीय प्रबंधन के लिए State Single Nodal Agency यानी S-SNA मॉडल लागू करने के प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई है, इसके अलावा CSPGCL को 200 करोड़ रुपये तक के नॉन कन्वर्टिबल डिबेंचर और बॉन्ड जारी कर स्टॉक एक्सचेंज में लिस्टिंग की मंजूरी दी गई है.