CG News: निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी का खुलासा, नागपुर से दो अंतरराज्यीय महिला आरोपी गिरफ्तार
CG News: रायपुर पुलिस ने निवेश के नाम पर की गई बड़ी ठगी का खुलासा किया है, आरोपियों ने 45 करोड़ रुपये का निवेश दिलाने का झांसा देकर एक कंपनी के डायरेक्टर से 1.13 करोड़ रुपये की ठगी कर ली, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय महिला आरोपियों को नागपुर से गिरफ्तार किया है.

खुद को निवेश कंपनी का प्रतिनिधि बताकर बनाया शिकार
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने खुद को निवेश से जुड़ी कंपनी का प्रतिनिधि बताया और बड़े निवेशकों से संपर्क होने का दावा किया, इसके बाद कंपनी विस्तार और नए प्लांट के लिए फंड उपलब्ध कराने का भरोसा देकर पीड़ित को अपने जाल में फंसाया.
15 साल से जुड़ी हैं आरोपी महिलाएं
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान कनिज फातमा उर्फ भावना पांडेय निवासी कोलकाता और दीपिका पालीवाल निवासी उदयपुर राजस्थान के रूप में हुई है, जांच में पता चला है कि दोनों आरोपी पिछले करीब 15 वर्षों से सक्रिय ठगी गिरोह का हिस्सा हैं और कई राज्यों में करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी कर चुकी हैं.
डायरेक्टर ने दर्ज कराई थी शिकायत
बालोद जिले के ग्राम बोरिदकला निवासी उमेश कुमार सिन्हा, जो सालिक ग्रीन रिन्यूएबल एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर हैं, उन्होंने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, उन्होंने पुलिस को बताया कि कंपनी के विस्तार और नए प्लांट की स्थापना के लिए करीब 45 करोड़ रुपये के निवेश की जरूरत थी.
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पीड़ित की मुलाकात राकेश कौशिक के माध्यम से दीपक सिंह, अभिषेक सिंह, योगी और अन्य लोगों से हुई थी, आरोपियों ने खुद को प्रभावशाली लोगों और विदेशी निवेशकों से जुड़ा बताकर निवेश उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया, फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है.