CG News: भिलाई-दुर्ग के पेंशनधारकों की बढ़ी चिंता, अगस्त शुरू होने के बाद भी नहीं आई EPS-95 की राशि
CG News: भिलाई और दुर्ग औद्योगिक क्षेत्र के हजारों EPS-95 पेंशनधारकों को इस बार आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हर महीने 26 से 27 तारीख तक आने वाली पेंशन अगस्त शुरू होने के बाद भी खातों में नहीं पहुंची है।
दवाइयों और खर्चों पर पड़ा असर
सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मिलने वाली 4 से 5 हजार रुपए तक की मासिक पेंशन से घर का खर्च चलता है। समय पर राशि नहीं मिलने से दवा, बिजली बिल और रोजमर्रा की जरूरतों को लेकर परिवारों की चिंता बढ़ गई है।
देरी की वजह अभी साफ नहीं
पेंशन भुगतान में देरी को लेकर तकनीकी समस्या या प्रशासनिक कारणों की चर्चा है। हालांकि संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है, जिससे पेंशनधारकों में असमंजस बना हुआ है।
प्रशासन से जल्द भुगतान की मांग
पेंशनभोगियों ने मांग की है कि देरी की वजह स्पष्ट की जाए और जल्द से जल्द राशि खातों में जमा कराई जाए। बुजुर्गों का कहना है कि पेंशन में देरी से उन्हें मानसिक और आर्थिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
EPS-95 योजना से जुड़ी जानकारी
EPS-95 योजना EPFO द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा योजना है। इसमें पात्र कर्मचारियों को रिटायरमेंट के बाद मासिक पेंशन दी जाती है। योजना की शुरुआत 1 नवंबर 1995 को हुई थी और इसमें 10 साल सेवा पूरी करना जरूरी है, फिलहाल हजारों सेवानिवृत्त कर्मचारियों की नजर बैंक खातों और विभागीय अपडेट पर है। सभी को उम्मीद है कि जल्द ही भुगतान जारी होगा और देरी का कारण भी सामने आएगा।