CG News: रायपुर में श्रद्धा के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा, राज्यपाल और CM ने निभाई छेरापहरा की परंपरा
CG News: भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के अवसर पर रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के कई शहरों में श्रद्धा और उत्साह के साथ रथयात्राएं निकाली गईं. राजधानी रायपुर के अवंति विहार, गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर में राज्यपाल और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महाप्रभु के रथ के आगे सोने की झाड़ू लगाकर पारंपरिक छेरापहरा की रस्म निभाई.
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने रथ तक पहुंचाई प्रतिमा
रथयात्रा शुरू होने से पहले सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना की और महाप्रभु की प्रतिमा को कंधे पर उठाकर रथ तक पहुंचाया. इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में मौजूद रहे और जय जगन्नाथ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया.
ओडिशा के कलाकारों ने सजाया मंदिर और रथ
रथयात्रा की तैयारियों के लिए ओडिशा से आए कलाकारों ने मंदिर और रथों को पारंपरिक शैली में सजाया. रंग-बिरंगी चित्रकारी, धार्मिक अलंकरण और आकर्षक फूलों की सजावट ने मंदिर की भव्यता को और बढ़ा दिया. वहीं सभी धार्मिक अनुष्ठानों को विधि-विधान से संपन्न कराने के लिए ओडिशा से पुजारियों को भी आमंत्रित किया गया.
ट्रैफिक व्यवस्था के लिए किए गए विशेष इंतजाम
रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किया. प्रशासन ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की.
500 साल पुराना है टुरी-हटरी का जगन्नाथ मंदिर
रायपुर की पुरानी बस्ती स्थित टुरी-हटरी का जगन्नाथ मंदिर करीब 500 वर्ष पुराना माना जाता है. पहले इसे ‘साहूकार मंदिर’ के नाम से जाना जाता था, लेकिन भगवान जगन्नाथ की स्थापना के बाद इसकी पहचान जगन्नाथ मंदिर के रूप में बनी. मंदिर परिसर में श्रीराम दरबार, शिव मंदिर, संतोषी माता, गरुड़ मंदिर और संकटमोचन हनुमान मंदिर भी स्थापित हैं, जिससे यह पूरे वर्ष श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना रहता है.