CG News: छत्तीसगढ़ में सड़क-पुल निर्माण में देरी पर सख्ती, ठेकेदारों पर गिरी गाज
CG News: छत्तीसगढ़ में सड़कों और पुलों के निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति को लेकर उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव की नाराजगी के बाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। लोक निर्माण विभाग ने दो ठेकेदारों का पंजीयन निरस्त कर दिया है, जबकि आठ ठेकेदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
निरीक्षण के बाद हुई कार्रवाई
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने हाल ही में चार दिनों के बस्तर प्रवास के दौरान विभागीय कार्यों का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने सड़क और पुल निर्माण में हो रही देरी पर गहरी नाराजगी जताई और लापरवाह ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
दो ठेकेदारों का पंजीयन निरस्त
विभागीय जानकारी के अनुसार, चार पुलों के निर्माण में धीमी प्रगति को देखते हुए मेसर्स गुप्ता कंस्ट्रक्शन कंपनी का पंजीयन दो वर्षों के लिए निरस्त कर दिया गया है, इसके अलावा कांकेर जिले के आमाबेड़ा–सेमर गांव मार्ग पर नेरूल नदी पुल और बोड़ागांव–खासगांव–तरादुल मार्ग पर डुमरीकेल नाला पुल के कार्य में देरी के कारण ठेकेदार निर्भय राम साहू का पंजीयन भी आगामी दो वर्षों के लिए रद्द कर दिया गया है।
कई ठेकेदारों को नोटिस जारी
विभाग ने अन्य कई निर्माण कार्यों में धीमी प्रगति को लेकर ठेकेदारों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है। इनमें कांकेर-अमोड़ा-नरहरपुर मार्ग के ठेकेदार, कोंडागांव के हडेली-कुदूर मार्ग के ठेकेदार और जगदलपुर-चित्रकोट मार्ग के ठेकेदार शामिल हैं, इन सभी से कार्य में देरी को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
सरकार का सख्त संदेश
सरकार ने स्पष्ट किया है कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समय पर और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के लिए ठेकेदारों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, विभागीय सूत्रों के अनुसार, जिन ठेकेदारों के जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाएंगे, उनके खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। सरकार का फोकस विकास कार्यों को समय पर पूरा कर जनता को सुविधाएं उपलब्ध कराना है।