CG News: घरेलू उड़ानों में महंगा हुआ सफर, इंडिगो ने बढ़ाया अतिरिक्त लगेज चार्ज
CG News: हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। घरेलू उड़ानों का संचालन करने वाली एयरलाइन इंडिगो ने बैगेज शुल्क में बड़ी बढ़ोतरी की है, जिसके बाद यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
घरेलू उड़ानों में 59% तक बढ़ा शुल्क
नई व्यवस्था के अनुसार, घरेलू फ्लाइट्स में अतिरिक्त लगेज पर लगने वाले शुल्क में करीब 59 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है। पहले 7 से 15 किलो के निर्धारित बैगेज के बाद अतिरिक्त 3 किलो सामान के लिए यात्रियों को 975 रुपये देने पड़ते थे, जो अब बढ़कर 1650 रुपये हो गया है, इस बदलाव का सीधा असर छोटे और मध्यम दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में भी बदलाव
इंटरनेशनल फ्लाइट्स में भी बैगेज चार्ज के नियमों में बड़ा बदलाव किया गया है। पहले अतिरिक्त सामान के लिए तय दरों पर शुल्क लिया जाता था, लेकिन अब इसमें तीन गुना से अधिक बढ़ोतरी की बात सामने आई है। इससे विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों की लागत और बढ़ जाएगी।
यात्रियों में नाराजगी
बैगेज शुल्क बढ़ने के बाद यात्रियों में नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि पहले ही हवाई यात्रा महंगी होती जा रही है और अब अतिरिक्त सामान पर बढ़ा हुआ शुल्क यात्रियों पर और दबाव डालेगा, कुछ यात्रियों ने आरोप लगाया है कि एयरलाइंस कंपनियां समय-समय पर अलग-अलग चार्ज बढ़ाकर यात्रियों पर अतिरिक्त बोझ डाल रही हैं, यात्रियों का कहना है कि बजट एयरलाइन होने के बावजूद लगातार बढ़ते शुल्क के कारण हवाई यात्रा अब आम लोगों की पहुंच से दूर होती जा रही है। खासकर उन यात्रियों को परेशानी होगी जो कम किराए में यात्रा करते हैं लेकिन साथ में जरूरी सामान ले जाते हैं।
निगरानी की मांग
यात्रियों ने विमानन विभाग से इस मामले में निगरानी और उचित हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि हवाई यात्रा को किफायती बनाए रखने के लिए ऐसे शुल्कों पर नियंत्रण जरूरी है, लगातार बढ़ते बैगेज चार्ज और अन्य शुल्कों के कारण हवाई यात्रा की कुल लागत में बढ़ोतरी हो रही है, जिससे यात्रियों की चिंता बढ़ गई है। अब देखना होगा कि इस बदलाव का आगे विमानन क्षेत्र और यात्रियों पर क्या असर पड़ता है।