CG News: NEET UG 2026: छत्तीसगढ़ में परीक्षा को लेकर हाई अलर्ट, 19 शहरों में 127 सेंटरों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
CG News: 21 जून को आयोजित होने वाली NEET (UG) 2026 परीक्षा को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं, राज्यभर में परीक्षा के लिए 19 शहरों में कुल 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
मुख्य सचिव ने की समीक्षा बैठक
परीक्षा तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, बैठक में सभी जिलों के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन और कानून-व्यवस्था संबंधी व्यवस्थाओं पर चर्चा की, मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि केंद्र सरकार और National Testing Agency द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
एयरफोर्स के माध्यम से पहुंचेंगे प्रश्नपत्र
इस बार परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। प्रशासन के अनुसार प्रश्नपत्र और OMR शीट्स एयरफोर्स के माध्यम से संबंधित जिलों तक पहुंचाई जाएंगी, इसके अलावा प्रत्येक जिले में कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे, जहां से परीक्षा प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जाएगी।
योग दिवस और परीक्षा को लेकर विशेष रणनीति
21 जून को देशभर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भी मनाया जाएगा। ऐसे में प्रशासन ने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं, मुख्य सचिव ने कहा कि योग दिवस से जुड़े कार्यक्रमों का परीक्षा संचालन पर कोई असर नहीं पड़ना चाहिए। इसके लिए परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले मार्गों पर विशेष ट्रैफिक प्रबंधन योजना तैयार करने को कहा गया है।
20 जून को होगी मॉक ड्रिल
परीक्षा से एक दिन पहले यानी 20 जून को राज्यभर में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण और परीक्षा केंद्रों की तैयारियों का अंतिम परीक्षण करना है, मॉक ड्रिल के दौरान सभी संबंधित विभागों की समन्वय व्यवस्था और आपातकालीन प्रबंधन की भी समीक्षा की जाएगी।
सुरक्षा और पारदर्शिता पर रहेगा फोकस
पिछले वर्षों में राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं को लेकर उठे विवादों को देखते हुए इस बार प्रशासन सुरक्षा, पारदर्शिता और निगरानी पर विशेष ध्यान दे रहा है। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल, निगरानी व्यवस्था और अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएंगे, अधिकारियों का कहना है कि सभी अभ्यर्थियों को निष्पक्ष और सुरक्षित परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।