CG News: छत्तीसगढ़ में पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदान जारी, सुबह से मतदान केंद्रों पर उमड़ी भीड़
CG News: छत्तीसगढ़ में सोमवार को त्रिस्तरीय पंचायतों के आम एवं उप चुनाव तथा नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। सुबह से ही विभिन्न जिलों के मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मतदाता उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
EVM और बैलेट बॉक्स से हो रहा मतदान
राज्य निर्वाचन आयोग की सचिव शिखा राजपूत तिवारी के अनुसार नगरीय निकाय चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के माध्यम से कराए जा रहे हैं, जबकि त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के लिए बैलेट बॉक्स का उपयोग किया जा रहा है। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है, बलौदाबाजार जिले में त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के तहत सरपंच और पंच के रिक्त पदों को भरने के लिए सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। गांवों में मतदाताओं ने सुबह से ही मतदान केंद्रों का रुख किया और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी निभाई।
धमतरी में मतदान केंद्रों पर उमड़ी भीड़
धमतरी जिले में भी मतदान को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लगी हुई हैं। जिले में 2 सरपंच और 20 पंच पदों के लिए मतदान हो रहा है। मतदान प्रक्रिया शाम 3 बजे तक जारी रहेगी, सूरजपुर जिले के नवगठित नगर पंचायत शिवनंदनपुर में पहली बार मतदान कराया जा रहा है। नगर पंचायत अध्यक्ष और पार्षद पदों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह है। प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
महिला कर्मचारियों के हाथों मतदान की जिम्मेदारी
बालोद जिले की नवगठित नगर पंचायत पलारी में भी मतदान शुरू हो चुका है। यहां एक खास पहल के तहत सभी 15 मतदान केंद्रों पर केवल महिला कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। पीठासीन अधिकारी से लेकर मतदान अधिकारी तक सभी जिम्मेदारियां महिला कर्मियों को सौंपी गई हैं, कबीरधाम जिले की नगर पंचायत सहसपुर लोहारा में अध्यक्ष पद के उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। इस चुनाव में कांग्रेस और भाजपा सहित कुल 6 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनकी किस्मत का फैसला मतदाता करेंगे।
कितने पदों पर हो रहा मतदान?
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पंच पद के लिए 107 सीटों पर मतदान कराया जा रहा है, जहां 246 उम्मीदवार मैदान में हैं। सरपंच पद की 34 सीटों पर मतदान हो रहा है, जिनके लिए 105 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं जनपद सदस्य के 10 पदों पर 41 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, इसके अलावा नगरीय निकाय चुनाव में पार्षद पद के 71 वार्डों में मतदान हो रहा है, जहां कुल 221 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
शाम तक आएंगे मतदान के शुरुआती आंकड़े
मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। मतदान समाप्त होने के बाद मतदान प्रतिशत और चुनावी रुझानों को लेकर शुरुआती आंकड़े सामने आने की उम्मीद है।