CG News: मिडिल ईस्ट तनाव का असर, पेट्रोल-डीजल फिर महंगा; छत्तीसगढ़ में नई कीमतें लागू
CG News: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव का असर अब आम लोगों की जेब पर साफ दिखाई देने लगा है। कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते देशभर में पेट्रोल और डीजल के दाम एक बार फिर बढ़ा दिए गए हैं। इस बार पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ है।
लगातार तीसरी बार बढ़े दाम
तेल कंपनियों ने 15 मई और 19 मई के बाद अब 23 मई को फिर से ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी की है। नई दरें शनिवार सुबह से लागू हो गई हैं, बढ़ोतरी के बाद देश में पेट्रोल की औसत कीमत 99.51 रुपये प्रति लीटर और डीजल 92.49 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।
रायपुर में पेट्रोल ₹105.57 पहुंचा
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 105.57 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं डीजल 97.48 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है, बिलासपुर में पेट्रोल 105.57 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है, जबकि डीजल 98.69 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है, बस्तर में डीजल की कीमत 100.16 रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल 107.04 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है, वहीं दंतेवाड़ा में डीजल 100.13 रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल 107 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
मिडिल ईस्ट तनाव बना वजह
विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित होने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं। इसी का असर भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर पड़ रहा है, लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों का असर अब ट्रांसपोर्ट, खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा की चीजों पर भी पड़ सकता है। इससे महंगाई बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।