CG News: छत्तीसगढ़ बोर्ड 10वीं-12वीं रिजल्ट जल्द, 29-30 अप्रैल को जारी हो सकते हैं परिणाम
CG News: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम का इंतजार कर रहे लाखों छात्रों के लिए बड़ी खबर है। ताजा जानकारी के मुताबिक, रिजल्ट 29 या 30 अप्रैल को जारी किया जा सकता है।
मूल्यांकन कार्य पूरा
मंडल की सचिव पुष्पा साहू के अनुसार, उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पूरी तरह समाप्त हो चुका है। फिलहाल काउंटिंग मिलान और रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है, जिसके बाद कभी भी आधिकारिक घोषणा हो सकती है।
पेपर लीक के कारण हुई देरी
बोर्ड परीक्षाएं 20-21 फरवरी से शुरू होकर 18 मार्च तक चली थीं। हालांकि हिंदी पेपर लीक होने के मामले के चलते 10 अप्रैल को दोबारा परीक्षा आयोजित करनी पड़ी, जिससे रिजल्ट जारी होने में देरी हुई।
लाखों छात्रों को रिजल्ट का इंतजार
इस साल कक्षा 10वीं में 3,20,535 और 12वीं में 2,45,785 छात्र शामिल हुए हैं। बड़ी संख्या में छात्र आगे की प्रवेश परीक्षाओं के लिए रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं।
पिछले साल का प्रदर्शन
पिछले वर्ष 7 मई 2025 को रिजल्ट घोषित किया गया था, जिसमें
• 10वीं का रिजल्ट: 68.76%
• 12वीं का रिजल्ट: 82.25%
अब छात्रों और अभिभावकों की नजरें बोर्ड की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं, जिससे उनका लंबा इंतजार खत्म हो सके।