CG News: छत्तीसगढ़ में भोरमदेव जंगल सफारी की शुरुआत, 35 किमी रूट पर रोमांचक सफर का अनुभव
CG News: छत्तीसगढ़ के पर्यटन मानचित्र पर एक नया और रोमांचक अध्याय जुड़ने जा रहा है। भोरमदेव अभयारण्य के घने जंगल अब एडवेंचर और नेचर लवर्स के लिए खास आकर्षण बनने वाले हैं, जहां जल्द ही जंगल सफारी की शुरुआत होगी।
35 किलोमीटर का रोमांचक सफारी रूट
करीब 352 वर्ग किलोमीटर में फैले इस अभयारण्य में 35 किलोमीटर लंबा सफारी रूट तैयार किया गया है। यह सफर सिर्फ जंगल घूमने तक सीमित नहीं होगा, बल्कि इसमें रोमांच का भरपूर अनुभव मिलेगा जहां पर्यटकों को एक संकरी नदी को करीब 22 बार पार करना पड़ेगा और खूबसूरत वॉटरफॉल का नजारा देखने को मिलेगा।
वन्यजीवों से होगा सामना
इस सफारी में टाइगर, तेंदुआ, हिरण, हाथी, नीलगाय, सांभर और वन भैंसा जैसे कई वन्यजीवों को देखने का मौका मिलेगा, जो इसे और खास बनाता है।
सुविधाएं और व्यवस्था
फिलहाल सफारी के लिए 3 विशेष वाहन तैयार किए गए हैं, जिनमें एक वाहन में 6 पर्यटक, एक ड्राइवर और एक गाइड रहेंगे।
• ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा
• करियाआमा गेट पर पार्किंग और पेयजल व्यवस्था
• पर्यटकों के लिए बेसिक सुविधाएं उपलब्ध
कैंपिंग का भी मिलेगा मजा
सिर्फ सफारी ही नहीं, बल्कि यहां कैंपिंग की सुविधा भी विकसित की जा रही है, जिससे पर्यटक जंगल के बीच रात बिताने का अनोखा अनुभव ले सकेंगे।
कब होगी शुरुआत?
इस जंगल सफारी का भव्य शुभारंभ अप्रैल के अंतिम सप्ताह, 27-28 अप्रैल को किया जाएगा। इस मौके पर प्रदेश के वन मंत्री केदार कश्यप और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा मौजूद रहेंगे, भोरमदेव की यह पहल न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगी। यह प्रोजेक्ट छत्तीसगढ़ को एक प्रमुख इको-टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।