CG News: कोंडागांव में दोहरी शादी पर विवाद, आदिवासी समाज में नाराजगी
CG News: कोंडागांव जिले के फरसगांव ब्लॉक के बैलगांव में 23 और 24 मार्च 2026 को हितेश यादव ने शंकरपुर की फुलबती और बनियागांव की यामिनी से शादी की। एक ही मंडप में दोनों दुल्हनों के साथ सात फेरे लिए गए और साथ जीने-मरने की कसमें खाईं। यह शादी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिससे स्थानीय आदिवासी समाज में नाराजगी पैदा हुई।
पारंपरिक विधि-विधान से हुआ विवाह
विवाह समारोह में पारंपरिक विधि-विधान का पालन किया गया। 23 मार्च को हल्दी और मंडपाच्छादन की रस्में हुईं, जबकि 24 मार्च को पाणिग्रहण, लग्न और आशीर्वाद समारोह संपन्न किया गया। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों परिवारों और समाज के बुजुर्गों की रजामंदी के साथ विवाह हुआ।
समाज की नाराजगी
सर्व आदिवासी समाज ब्लॉक फरसगांव के अध्यक्ष ईश्वर कोर्राम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह शादी आदिवासी परंपरा और सामाजिक मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवक ने दोनों युवतियों को बहला-फुसलाकर शादी की, और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की।
विवाह का कानूनी पक्ष
अधिवक्ता निपेंद्र मिश्रा ने बताया कि हिन्दू मैरिज एक्ट के तहत कोई व्यक्ति एक समय में दो विवाह नहीं कर सकता। दूसरा विवाह केवल तभी वैध होगा जब पहली पत्नी से विधिवत तलाक लिया गया हो। हालांकि, आदिवासी समाज में बहुपत्नीय विवाह की परंपरा देखी जाती है।