CG News: बस्तर में नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका, टॉप कमांडर पापाराव समेत 18 नक्सलियों का सरेंडर
CG News: छत्तीसगढ़ के बस्तर को नक्सल मुक्त घोषित करने की तय समय सीमा से ठीक पहले सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है, टॉप नक्सली कमांडर पापाराव ने अपने साथियों के साथ आत्मसमर्पण कर दिया, वह बीजापुर जिले के कुटरू थाने पहुंचा, जहां से सभी को जगदलपुर ले जाया गया.
हथियारों के साथ सरेंडर
डिप्टी सीएम विजय शर्मा के मुताबिक कुल 18 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है, जिनमें 10 पुरुष और 8 महिलाएं शामिल हैं, इनके पास से 8 AK-47, 1 SLR और 1 INSAS समेत कई आधुनिक हथियार बरामद किए गए हैं.
कौन है पापाराव?
पापाराव उर्फ मंगू (56) सुकमा जिले का निवासी है और DKSZCM का सदस्य रहा है, वह पश्चिम बस्तर डिवीजन कमेटी का इंचार्ज और दक्षिण सब-जोनल ब्यूरो का अहम सदस्य था, इलाके की गहरी जानकारी के चलते वह कई बार सुरक्षा बलों से बच निकलने में सफल रहा.
संगठन को लगा बड़ा झटका
पापाराव के सरेंडर के साथ ही पश्चिम बस्तर डिवीजन कमेटी लगभग खत्म मानी जा रही है, देवा के आत्मसमर्पण के बाद वह आखिरी सक्रिय फाइटर बचा था, अब उसके भी हथियार डालने से संगठन की रीढ़ टूट गई है.
एक साल में बिखरा नेटवर्क
पिछले एक साल में सुरक्षा बलों ने नक्सल संगठन को भारी नुकसान पहुंचाया है,माड़वी हिड़मा, बसवराजू और गणेश उइके जैसे बड़े नक्सली मारे गए, जबकि भूपति, रूपेश और रामधेर जैसे नेताओं ने अपने साथियों के साथ आत्मसमर्पण किया, अब केवल मिशिर बेसरा और गणपति जैसे कुछ बड़े नक्सली ही संगठन संभाल रहे हैं, पापाराव के सरेंडर के बाद बस्तर में माओवाद के पूरी तरह खत्म होने की संभावना और मजबूत हो गई है.