CG News: दुर्ग में अवैध अफीम की खेती के मामले में प्रशासन सख्त, कृषि विस्तार अधिकारी निलंबित
CG News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिला के समोदा गांव में अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं, जांच में लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर अभिजीत सिंह ने ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एकता साहू को निलंबित कर दिया है.
तीन अधिकारियों को जारी हुआ था नोटिस
इससे पहले कलेक्टर ने मामले में लापरवाही को लेकर तीन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया था, इनमें कृषि विस्तार अधिकारी एकता साहू, फसल सर्वेयर शशिकांत साहू और समोदा गांव की पटवारी अनिता साहू शामिल थीं.

रिकॉर्ड में मक्का, खेत में कुछ और
जांच में सामने आया कि, जिस खेत में अफीम की खेती पकड़ी गई, उसे कृषि विभाग के रिकॉर्ड में मक्का का प्रदर्शन प्लॉट बताया गया था, यह खेत भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के भाई विमल ताम्रकार के नाम पर दर्ज था.
सर्वे रिपोर्ट में गलत फोटो अपलोड
कलेक्टर ने बताया कि, दस्तावेजों की जांच में पाया गया कि जिस स्थान को मक्का की फसल का प्रदर्शन प्लॉट बताया गया, वहां वास्तव में धान की खेती हो रही थी, नियमों के अनुसार प्रदर्शन प्लॉट में उसी किसान की फोटो और वास्तविक फसल की तस्वीर अपलोड करना जरूरी होता है, लेकिन रिपोर्ट में किसी अन्य किसान की फोटो लगाई गई थी, जिस क्षेत्र की फोटो अपलोड की गई थी, उसके पीछे अफीम की खेती भी की जा रही थी.
बिना जांच के रिपोर्ट को मिली मंजूरी
जांच में यह भी सामने आया कि फसल सर्वेयर शशिकांत साहू ने सितंबर 2025 में डिजिटल सर्वे के दौरान खसरा नंबर 309 को पड़ती भूमि और खसरा नंबर 310 को धान की फसल बताया था, जबकि दोनों जगहों पर अफीम की खेती हो रही थी, इस रिपोर्ट का सत्यापन पटवारी अनिता साहू को करना था, लेकिन बिना मौके पर जांच किए ही रिपोर्ट को अप्रूवल दे दिया गया.
सांठगांठ की आशंका, जांच जारी
प्रशासन को इस पूरे मामले में अधिकारियों और संबंधित लोगों के बीच सांठगांठ की आशंका है, फिलहाल मामले की जांच जारी है और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.